Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsExplosion Near Red Fort Muslim Organizations Demand Investigation and Accountability
मुस्लिम संगठनों ने घटना को बताया निंदनीय, सख्त कार्रवाई की मांग

मुस्लिम संगठनों ने घटना को बताया निंदनीय, सख्त कार्रवाई की मांग

संक्षेप:

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता लाल किला के निकट हुए विस्फोट में को मुस्लिम

Nov 11, 2025 07:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता लाल किला के निकट हुए विस्फोट में को मुस्लिम संगठनों ने दुख व्यक्त किया है और जांच की मांग की है। जमाअत अध्यक्ष सय्यद सादतुल्लाह हुसैनी ने लाल किले के पास हुए विस्फोट की पारदर्शी जांच की मांग की है और कहा है कि इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और पीड़ितों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। मीडिया को जारी एक बयान में,जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक घटना है। हम अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र व पूर्ण स्वस्थ होने की दुआ करते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस शोक और पीड़ा की घड़ी में हम दिल्ली की जनता के साथ खड़े हैं। सय्यद सादतुल्लाह हुसैनी ने मीडिया और सोशल मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों और सांप्रदायिक भ्रामक प्रचार की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में नागरिकों के बीच एकता और भाईचारा पहले से कहीं अधिक आवश्यक है। जो लोग ऐसे घृणित हादसों को अपने वैचारिक या राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करते हैं, उन्हें चिन्हित कर कानून के तहत दंडित किया जाना चाहिए। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी ने इस घटना को मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि हम लाल किला के पास हुई इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह मृतकों के परिजनों को सब्र और हिम्मत प्रदान करे तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दे। मौलाना मदनी ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस घटना की पूरी सच्चाई सामने लाएगा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति, एकता तथा सौहार्द बनाए रखें। वहीं, स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसआईओ) ने भी इस विस्फोट की कड़ी निंदा की है। संगठन ने कहा कि निर्दोष लोगों की जान जाने और घायल होने की इस घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। एसआईओ ने सरकार से मांग की है कि पीड़ितों और उनके परिवारों को त्वरित चिकित्सीय और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। एसआईओ ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके। जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह का पूर्वाग्रह या जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए, और सभी नागरिकों के अधिकार और गरिमा की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि दिल्ली धमाके की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन निर्दोष लोगों को घटना में अपनी जान गंवानी पड़ी है वह अत्यंत पीड़ादायक है । उनके परिजनों के साथ पूरा देश खड़ा है। हमारी सरकार और एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने कहा है कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। हमें अपनी सरकार और एजेंसियों पर पूरा भरोसा है। जल्द ही सभी दोषी पकड़े जायेंगे।