Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsExplosion near Red Fort Hits Chandni Chowk Market Businesses Suffer Heavy Losses
धमाके की दहशत से चांदनी चौक में सन्नाटा, 70 फीसदी कारोबार ठप

धमाके की दहशत से चांदनी चौक में सन्नाटा, 70 फीसदी कारोबार ठप

संक्षेप: दीपावली के बाद शादियों के सीजन में व्यापारियों को शानदार कारोबार की उम्मीद थी, लेकिन लालकिले के पास हुए धमाके ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। चांदनी चौक बाजार में सन्नाटा है और कारोबार में 70 प्रतिशत की गिरावट आई है। विदेशी पर्यटक भी अब बाजार से दूर हो गए हैं।

Thu, 13 Nov 2025 08:17 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दीपावली के बाद शुरू हुए शादियों के सीजन से व्यापारियों को इस बार जबरदस्त कारोबार की उम्मीद थी, लेकिन लालकिले के पास हुए धमाके ने सारी रौनक पर पानी फेर दिया। धमाके का असर चांदनी चौक बाजार पर सबसे ज्यादा पड़ा है। इस ऐतिहासिक और दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजार की गलियों में अब सन्नाटा पसरा है। जहां कुछ दिन पहले तक कदम रखने की जगह नहीं थी, वहीं अब दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिख रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, तीन दिन में कारोबार करीब 70 प्रतिशत तक गिर चुका है। उनका कहना है कि अब दिसंबर तक शादियों के सीजन में भी पुराने स्तर पर वापसी की उम्मीद नहीं है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बुकिंग कराने वाले भी आने से कतरा रहे चांदनी चौक के मुख्य मार्ग पर लहंगे का शोरूम चलाने वाले सुरेंद्र शर्मा बताते हैं कि धमाके से पहले रोज़ाना इतनी भीड़ होती थी कि दुकान में संभालना मुश्किल हो जाता था, लेकिन तीन दिन से एक भी लहंगा नहीं बिका। उन्होंने बताया कि शादी के लिए पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक भी अब दुकान पर नहीं आ रहे। कई लोगों ने लहंगे की डिलीवरी कुछ दिन के लिए टाल दी है। वहीं, कपड़ों के थोक कारोबारी सुधीर जैन ने बताया कि उनके अधिकतर ग्राहक एनसीआर के अन्य शहरों से आते हैं, लेकिन धमाके के बाद से कोई भी व्यापारी माल लेने नहीं आया। उन्होंने बताया कि यह वो वक्त है जब कारोबार अपने चरम पर होना चाहिए था, पर अब सब ठप है। विदेशी पर्यटकों ने भी बनाई दूरी चांदनी चौक के वरिष्ठ कारोबारी श्रीभगवान बंसल बताते हैं कि यह बाजार दिल्ली का दिल है। यहां खरीदारी के साथ लोग पराठे वाली गली और पुराने रेस्तरां का स्वाद लेने भी आते हैं। धमाके के बाद से विदेशी ग्राहकों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। तीन दिन से एक भी विदेशी ग्राहक नहीं दिखा। देश के दूसरे हिस्सों से आने वाले ग्राहक भी फिलहाल आने से बच रहे हैं। बंसल ने बताया कि दीपावली से पहले मानसून और श्राद्ध काल में बाजार में सुस्ती थी। व्यापारी उम्मीद लगाए बैठे थे कि त्योहार और शादी के मौसम में कारोबार में तेजी आएगी, लेकिन धमाके ने पूरा माहौल बिगाड़ दिया। अब व्यापारी यह सीजन भी घाटे में जाते देख रहे हैं। रिक्शा और ठेले वालों की भी टूटी कमर दुकानदार ही नहीं, चांदनी चौक के सैकड़ों रिक्शा और ठेला चालकों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ा है। बिहार निवासी रिक्शा चालक रामेंद्र ने बताया कि पहले रोजाना 1200 से 1500 रुपये तक कमा लेते थे, लेकिन अब मुश्किल से 500 रुपये बन रहे हैं। इसमें से 100 रुपये रिक्शा किराया चला जाता है। बच्चों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। रामेंद्र जैसे करीब 700 रिक्शा-ठेले वाले धमाके के बाद से प्रभावित हुए हैं। पुलिस की नाकेबंदी और ग्राहकों की कमी से इनकी आय लगातार घट रही है। जांच के बाद खुलेगा लाजपत राय बाजार धमाके के बाद लालकिले के पास स्थित लाजपत राय बाजार को एहतियातन बंद कर दिया गया था। इससे सैकड़ों व्यापारी और ग्राहक परेशान हैं। दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन के महासचिव श्रीभगवान बंसल ने बताया कि बुधवार को व्यापारियों की डीसीपी नॉर्थ से बैठक हुई थी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शुक्रवार से बाजार खोलने की अनुमति दी जाएगी। कारोबारी बोले, नुकसान से उबरना मुश्किल बाजार एसोसिएशनों के मुताबिक, चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में तीन दिनों में ही लाखों का नुकसान हो चुका है। कुछ दुकानदारों ने बताया कि हालात सामान्य होने में कम से कम दो हफ्ते लगेंगे। एक दुकानदार ने बताया कि लोग अब भी डरे हुए हैं। जब तक सुरक्षा का भरोसा नहीं लौटेगा, तब तक खरीदार नहीं आएंगे। उम्मीद, फिर लौटेगी रौनक व्यापारी अब उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार और पुलिस प्रशासन जल्द स्थिति को सामान्य बनाएंगे ताकि बाजार में फिर से रौनक लौट सके। चांदनी चौक ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली का दिल चांदनी चौक हमेशा मुश्किल वक्त से उबरता आया है। हमें यकीन है कि बाजार फिर से अपनी पुरानी चहल-पहल के साथ जीवंत होगा। आंकड़े - 27 हजार से ज्यादा दुकानें चांदनी चौक बाजार में कपड़े की हैं - 6 से 8 लाख लोग धमाके से पहले रोजाना बाजार में आते थे - 1.5 लाख लोग ही पहुंच रहे चांदनी चौक क्षेत्र में