महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पांच हजार लोगों ने लगाई दौड़
नई दिल्ली में सेवा भारती द्वारा आयोजित 'रन फार अ गर्ल्स चाइल्ड' मैराथन में 5000 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। इसमें विभिन्न श्रेणियों की दौड़ें...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। सेवा भारती दिल्ली द्वारा आयोजित रन फार अ गर्ल्स चाइल्ड मैराथन के तहत महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पांच हजार से अधिक लोगों ने दौड़ लगाई। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली की सेवा बस्तियों से आई महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ बॉलीवुड, खेल, व्यवसाय, शिक्षा, प्रशासन एवं समाज सेवा से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी, समाजसेवी संगीता सक्सेना सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें मैराथन की तीन श्रेणियां आयोजित की गई। जिसमें 10 किलोमीटर (टाइम रन),5 किलोमीटर (फन रन) और 3 किलोमीटर (फन रन)। इस अवसर पर प्रदीप जोशी ने युवाओं से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि समाज का विकास ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।
संगीता सक्सेना ने सेवा भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसा वातावरण बनाना आवश्यक है, जिसमें महिलाएं स्वाभाविक रूप से सशक्त बन सकें। ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने कहा कि आज की नारी अब अबला नहीं, सबला बन चुकी है। हमें उनके मार्ग में बाधा बनने के बजाय उनके रास्तों को मजबूत करना चाहिए। पैरा ओलंपियन प्रीति पाल और शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल ने भी उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए लड़कियों को अपने सपनों को निडरता से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सेवा भारती अध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने कहा कि हम भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तो प्रयासरत हैं ही, साथ ही सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी इसे वैश्विक नेतृत्व प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।