उभरती तकनीक से युद्ध की परिभाषा बदली : राजनाथ सिंह

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

हैदराबाद में रक्षा मंत्री ने भारतीय वायुसेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित किया

उभरती तकनीक से युद्ध की परिभाषा बदली : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि उभरती तकनीक ने युद्ध की परिभाषा बदल दी है। उन्होंने सशस्त्र बलों में शामिल होने वाले नए अधिकारियों को आधुनिक संघर्ष के बदलते स्वरूप के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने की सलाह दी। रक्षा मंत्री ने हैदराबाद के निकट स्थित भारतीय वायुसेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने मानवीय अभियानों के दौरान भारतीय संस्कृति और मूल्यों की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पहले ऐसा लगता था कि बड़ी शक्तियों को युद्धक्षेत्र में निर्णायक बढ़त हासिल होती है लेकिन अब छोटी ताकतें भी अपने छोटे लेकिन खतरनाक हथियारों एवं नई रणनीतियों से भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी को यह बताने का मेरा उद्देश्य यही है कि आप युद्ध के हर स्वरूप के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में हो रहा संघर्ष एक सीख के रूप में काम आना चाहिए। आज के दौर में स्मार्ट वर्क और तकनीकी उत्कृष्टता उतनी ही जरूरी है जितना कठिन परिश्रम। सिंह ने स्नातक कैडेटों को अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और अपने प्रतिष्ठित ‘विंग्स’ हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपके ‘विंग्स’ महज कोई बैज नहीं हैं, बल्कि ये करोड़ों भारतीयों के विश्वास के प्रतीक हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि स्नातक होने वाले इस बैच में 240 पायलट और ग्राउंड ड्यूटी अधिकारी शामिल हैं। इनमें भारतीय वायु सेना, नौसेना, तटरक्षक बल और वियतनाम के प्रशिक्षु भी शामिल हैं。

भारत और वियतनाम के बीच रक्षा संबंध मजबूत होंगे

रक्षा मंत्री ने वियतनाम के प्रशिक्षु अधिकारी का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इस अकादमी में मिला प्रशिक्षण भारत और वियतनाम के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करेगा।

आधुनिक युद्ध में रोबोटिक्स प्रणालियों का इस्तेमाल

रक्षा मंत्री ने कहा कि पहले सैनिक और सैन्य उपकरण स्पष्ट रूप से दिखाई देते थे, लेकिन अब आधुनिक युद्ध में रडार, उपग्रह, ड्रोन, सेंसर और रोबोटिक्स जैसी कई प्रणालियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब ऐसे परिदृश्य भी देखने को मिल रहे हैं जिनमें विरोधियों की यातायात प्रणालियों और सीसीटीवी कैमरों को नियंत्रित किया जा रहा है।

युद्ध के नए पैंतरों को समझना होगा

सिंह ने कहा कि सेना में शामिल हुए अधिकारियों को युद्ध के आधुनिक तरीकों एवं रणनीतियों को समझना चाहिए तथा उनके अनुरूप ढलना, उन्हें अपनाना और जरूरत पड़ने पर उनमें बदलाव करना चाहिए।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय वायुसेना ने साहस दिखाया

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के अटूट हौसले और बेमिसाल बहादुरी का प्रदर्शन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देखने को मिला, जब उन्होंने सटीकता के साथ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। यह ऑपरेशन भारतीय वायुसेना के प्रशिक्षित, साहसी और अनुशासित अधिकारियों की वजह से भी सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

नई महिला पायलटों को बधाई दी

रक्षा मंत्री ने वायुसेना में शामिल (कमीशन) होने वाली महिला पायलटों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी बढ़ती संख्या से वायुसेना और अधिक शक्तिशाली, संतुलित एवं मजबूत हो रही है तथा यह समावेशी बल की ताकत को दर्शाता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

रक्षा मंत्री ने कहा कि युद्ध की परिभाषा कैसे बदल रही है?
उभरती तकनीक ने युद्ध की परिभाषा को बदल दिया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।