कीर्तिमान:दुनिया के पहले खरबपति बने एलन मस्क

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

एलन मस्क ने स्पेसएक्स के आईपीओ के बाद 1.1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के पहले खरबपति बनने का रिकॉर्ड बनाया। शेयर बाजार में स्पेसएक्स के शेयरों की तेजी ने उनकी कुल संपत्ति को और बढ़ाया। मस्क की संपत्ति सऊदी अरामको के आईपीओ को भी पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी हो गई है।

कीर्तिमान:दुनिया के पहले खरबपति बने एलन मस्क

न्यूयॉर्क, एजेंसी। स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क ने दुनिया के पहले खरबपति बनकर इतिहास रच दिया। रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स के बहुप्रतीक्षित आईपीओ के बाद उनकी कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक (करीब सौ लाख करोड़ रुपये) के आंकड़े को पार गई। इससे वह दुनिया के पहले खरबपति बन गए। शुक्रवार को अमेरिका के बाजार में कंपनी के शेयर सूचीबद्ध होने के बाद तेजी से उछले। फोर्ब्स के अनुसार, स्पेसएक्स के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले ही मस्क की कुल संपत्ति लगभग 982.6 अरब डॉलर आंकी गई थी। कंपनी के शेयरों में तेजी आने के बाद उनकी संपत्ति में और इजाफा हुआ। अब तक दुनिया में किसी भी व्यक्ति की संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक नहीं पहुंची है। स्पेसएक्स के ऐतिहासिक आईपीओ ने शेयर बाजार से 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। रॉयटर्स के अनुसार, शुक्रवार को जब शेयरों की ट्रेडिंग शुरू हुई तो टेस्ला और उनकी अन्य कंपनियों की हिस्सेदारी को मिलाकर मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गई। इसमें केवल स्पेसएक्स की ही लगभग 866 अरब डॉलर की हिस्सेदारी शामिल है。

दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लाए मस्क

यह अब तक का दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ है। 2019 में करीब 26 अरब डॉलर जुटाने वाली सऊदी अरामको को भी इसने पीछे छोड़ दिया। विश्लेषकों का मानना है कि स्पेसएक्स की सफलता और ऊंचा मूल्यांकन मुख्य रूप से एलन मस्क की छवि और उनकी उपलब्धियों पर आधारित है। हालांकि, जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच स्पेसएक्स को 8.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद बड़े संस्थागत निवेशक और छोटे निवेशक स्पेसएक्स पर दांव लगाने को तैयार हैं।

स्पेसएक्स का शेयरों का भाव बढ़ा

फोर्ब्स के मुताबिक, एलन मस्क की स्पेसएक्स का आईपीओ अमेरिका के नैस्डैक एक्सचेंज पर 175 डॉलर प्रति शेयर पर सूचीबद्ध हुआ। यह कीमत इसके शुरुआती भाव 135 डॉलर प्रति शेयर से करीब 30 फीसदी अधिक है। इस कारण कंपनी का शुरुआती बाजार पूंजीकरण करीब 2.2 ट्रिलियन डॉलर आंका गया।

कैसे बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

एलन मस्क ने अपनी शुरुआती संपत्ति जिप 2 और पेपाल जैसी कंपनियों को बेचकर अर्जित की थी। बाद में उन्होंने स्पेसएक्स की स्थापना की और टेस्ला में निवेश किया। वर्ष 2010 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद टेस्ला के शेयरों ने निवेशकों को लगभग 20,000 फीसदी मुनाफा दिया। इसी वजह से स्पेसएक्स के आईपीओ से पहले ही मस्क की संपत्ति करीब 795 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी थी।

कई देशों की GDP से ज्यादा है मस्क की दौलत

आईएमएफ के मुताबिक, दुनिया में सिर्फ 20 देशों की अर्थव्यवस्था 1.1 ट्रिलियन डॉलर से बड़ी है। बाकी के 175 से अधिक देशों की पूरी सालाना आमदनी मस्क की निजी संपत्ति से कम है। यह ताइवान, वियतनाम, पुर्तगाल, ग्रीस और न्यूजीलैंड जैसे कई देशों की जीडीपी से बड़ी है।

दूसरे अमीरों से बहुत आगे निकले मस्क

दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गूगल के संस्थापक लैरी पेज की संपत्ति करीब 300 अरब डॉलर के आसपास है। यानी एलन मस्क की संपत्ति उनसे भी तीन गुना से ज्यादा है। यही नहीं, अब तक दुनिया में केवल कुछ ही कारोबारी 400 अरब डॉलर की संपत्ति के स्तर तक पहुंच पाए थे, लेकिन मस्क ने इन सभी को पीछे छोड़ दिया है।

सामान्य प्रश्न

एलन मस्क ने अपनी संपत्ति कैसे बढ़ाई?
एलन मस्क ने अपनी शुरुआती संपत्ति जिप 2 और पेपाल जैसी कंपनियों को बेचकर अर्जित की थी। बाद में उन्होंने स्पेसएक्स की स्थापना की और टेस्ला में निवेश किया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।