नमो भारत के स्टेशनों पर कार चार्जिंग की सुविधा मिलेगी
नई दिल्ली में नमो भारत के न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशनों की सुविधा जल्द शुरू होगी। इससे यात्रियों को अपनी गाड़ियों के लिए चार्जिंग की सुविधा मिलेगी।...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। नमो भारत के न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर जल्द ही लोगों को अपने इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। इससे ऐसे यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिल जाएगी जो दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन से सफर करते हैं, लेकिन स्टेशन तक आने-जाने के लिए अपने वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। दरअसल, राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नमो भारत के स्टेशनों पर कार चार्जिंग की सुविधा देने की यह पहल की गई है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले साहिबाबाद, गाजियाबाद, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ साउथ के स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू हो चुकी है।
दिल्ली के स्टेशनों पर अभी तक यह सुविधा नहीं मिल सकी थी। अब आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशन पर चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू हो गया है, जल्द ही ये बनकर तैयार हो जाएंगे। यहां न केवल निजी वाहनों से आने वाले लोगों को, बल्कि इन चार्जिंग स्टेशन का फायदा ई-कैब चालकों को भी होगा। एक बार में तीन वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा। दो तरह के होंगे चार्जिंग प्वाइंट न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर दो तरह के चार्जिंग प्वाइंट दिए जाएंगे। इसमें एक स्लो चार्जिंग और एक फास्ट चार्जिंग प्वाइंट होगा। फास्ट चार्जिंग प्वाइंट के माध्यम से कार को महज 30 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकेगा। ऐप के जरिए स्लॉट बुकिंग हो सकेगी चार्जिंग प्वाइंट बनाने की जिम्मेदारी एनसीआरटीसी ने एक प्राइवेट कंपनी को दी है। इस कंपनी की ओर से 50 किलोवाट का कनेक्शन लेकर चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि चार्जिंग के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया जाएगा। इस ऐप के जरिए लोग वाहन चार्जिंग के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे। ऐप के उपयोगकर्ता अपने वाहनों की चार्जिंग की स्थिति की रीयल टाइम मॉनिटरिंग कर सकेंगे। इसी ऐप के माध्यम से डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




