निजामुद्दीन में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से दरगाह के सज्जादानशीन की मौत
नई दिल्ली में निजामुद्दीन इलाके में एक घर के बाथरूम में इलेक्ट्रिक गीजर के फटने से अफरा-तफरी मच गई। धमाके से सैय्यद मोहम्मद निजामी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी फिदा निजामी बेहोश हो गईं। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच जारी है।

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। निजामुद्दीन इलाके में शनिवार शाम एक घर के बाथरूम में इलेक्ट्रिक गीजर फटने से अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद पूरे घर में धुआं भर गया, जिसकी चपेट में आकर निजामुद्दीन औलिया दरगाह के सज्जादानशीन सैय्यद मोहम्मद निजामी की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी फिदा निजामी भी बेहोश हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा इलेक्ट्रिक गीजर में हुए विस्फोट से उठा धुआं और आग की लपटों के कारण हुआ। घटना के वक्त मोहम्मद सैयद निजामी बाथरूम में थे।
घर बंद होने के कारण धुआं फैल गया, जिससे उनकी पत्नी भी बेसुध हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि सैय्यद मोहम्मद निजामी अल्वी चौक, हजरत निजामुद्दीन इलाके में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और मां शामिल हैं। शनिवार शाम करीब पांच बजे पुलिस और दमकल विभाग को घर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि घर के अंदर घना धुआं भरा हुआ था और दरवाजा अंदर से बंद था। दमकलकर्मियों और पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर बाथरूम में सैय्यद मोहम्मद निजामी बेहोशी की हालत में मिले, जबकि उनकी पत्नी फिदा निजामी घर के हॉल में धुएं के कारण अचेत पड़ी थीं। दोनों को तुरंत बाहर निकालकर मूलचंद अस्पताल पहुंचाया गया। धमाका के बाद लगी आग से धुआं फैला अस्पताल में डॉक्टरों ने 50 वर्षीय सैय्यद मोहम्मद निजामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया और उनका इलाज जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाथरूम में लगे इलेक्ट्रिक गीजर में अचानक धमाका हुआ, जिससे आग और धुआं फैल गया। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गीजर फटने के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर है, वहीं दरगाह से जुड़े लोगों और स्थानीय निवासियों में गहरा दुख देखा जा रहा है। ये सावधानी बरतें - हमेशा बीआईएस या आईएसआई सर्टिफाइड गीजर ही खरीदें। सस्ते और अनसर्टिफाइड गीजर फटने या आग लगने का खतरा बढ़ाते हैं - गीजर का वोल्टेज और क्षमता अपने घर की जरूरत के अनुसार चुनें, ओवरलोडिंग से बिजली शॉर्ट या टैंक फट सकता है। - सुरक्षा वाल्व और थर्मोस्टेट ठीक से काम कर रहे हों। ये गर्मी और दबाव नियंत्रित करते हैं, हादसे से बचाते हैं - गीजर का सालाना निरीक्षण जरूर करें। जंग, रिसाव या खराबी समय रहते ठीक कराना जरूरी है - गीजर की इंस्टॉलेशन योग्य इलेक्ट्रिशियन से कराएं। गलत कनेक्शन या पाइपिंग से हादसा हो सकता है - अगर गीजर से अजीब आवाज, धुआं या रिसाव दिखे तो तुरंत बिजली बंद करें और पानी रोक दें इलेक्ट्रिक गीजर फटने के कारण - पानी बहुत गर्म होना (ओवरहीटिंग) - प्रेशर रिलीफ वाल्व काम न करना - सस्ते या असर्टिफाइड नहीं गीजर का इस्तेमाल - टैंक में जंग या सील खराब होना - गलत इंस्टॉलेशन या पाइप/बिजली की गड़बड़ी - बिजली का अचानक ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट कब कहां हुईं घटनाएं 27 दिसंबर, 2017: भजनपुरा इलाके में बाथरूम में गीजर फटने से 16 वर्षीय छात्र की जान चली गई थी 31 जनवरी, 2022 : द्वारका सेक्टर 18ए स्थित एक घर के बाथरूम के गीजर से गैस लीक होने से लड़की की मौत 10 नवंबर, 2025 : महिपालपुर इलाके में बाथरूम में हीटर से करंट लगने से 23 वर्षीय महिला की मौत
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


