
जम्मू-कश्मीर में पूर्व मंत्री के परिसरों पर ईडी की छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मादक पदार्थों से जुड़े धन शोधन मामले में पूर्व मंत्री बाबू सिंह के परिसरों में छापे मारे। छापे श्रीनगर और जम्मू में हुए, जिसमें 17 आरोपी बन चुके हैं। मामला मार्च 2022 में शुरू हुआ जब एक व्यक्ति को हवाला धन के साथ पकड़ा गया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मादक पदार्थ से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में पूर्व मंत्री बाबू सिंह के परिसरों समेत कई स्थानों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर में छह और जम्मू में दो परिसरों में पीएमएलए के प्रावधानों के तहत छापे मारे जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि यह मामला मादक पदार्थों से जुड़े धनशोधन से संबंधित है, जिसका पता पहली बार मार्च 2022 में केंद्र शासित प्रदेश पुलिस ने लगाया था। उन्होंने कहा कि इसमें मोहम्मद शरीफ शाह नामक व्यक्ति को कश्मीर से जम्मू में जतिंदर सिंह उर्फ बाबू सिंह नामक व्यक्ति को 6.9 लाख रुपये का हवाला धन पहुंचाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था।

सिंह को अप्रैल 2022 में तब गिरफ्तार किया गया था जब उनके एक कार्यकर्ता, दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग निवासी मोहम्मद शरीफ शाह को जम्मू में 6.90 लाख रुपये की हवाला राशि के साथ पकड़ा गया था। एसआईए ने 2024 में एक पुलिसकर्मी सहित दो और लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि जम्मू निवासी कांस्टेबल सैफुद्दीन और उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के उरी निवासी पूर्व सरपंच फारूक अहमद की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में आरोपियों की संख्या 17 हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




