ईडी ने टीडीबी के पूर्व अधिकारी की संपत्ति अटैच की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के एक पूर्व अधिकारी जयप्रकाश और उनकी पत्नी की 40 लाख रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है, जो गबन के आरोपों से संबंधित है। आरोप है कि उन्होंने जाली बिल बनाकर 59.98 लाख रुपये की रकम मंजूर की।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और उनकी पत्नी की अचल संपत्तियां अटैच कर दीं। इनकी कीमत 40 लाख रुपये है। शुक्रवार को एजेंसी ने एक बयान में बताया कि केरल के कोल्लम जिले में स्थित जयप्रकाश जे और श्रीजा जयप्रकाश की दो संपत्तियों को अटैच करने का अंतरिम आदेश बुधवार को धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत जारी किया गया था। यह मामला केरल सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दर्ज मुकदमे से जुड़ा है। इसमें नीलाक्कल देवस्वोम (नीलाक्कल महादेव मंदिर से संबद्ध) के प्रशासनिक अधिकारी जयप्रकाश और अन्य पर गबन के आरोप हैं।
नीलाक्कल देवस्वोम का प्रबंधन भी टीडीबी करता है। आरोप है कि 2018-19 में मंडल मकरविलक्कू उत्सव के दौरान, जेपी ट्रेडर्स नाम की एक कंपनी के नाम पर जाली बिल और चालान बनाकर 59.98 लाख से अधिक की रकम मंजूर की गई। वास्तविक सप्लायर को केवल 8.20 लाख रुपये का वैध भुगतान किया गया। शेष तीन चेक धोखे से भुनाए गए, जिसमें 51.77 लाख रुपये का गबन हुआ। जांच एजेंसी का दावा है कि जयप्रकाश को गबन की गई रकम में से 40.48 लाख रुपये से अधिक मिले।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


