
लालू प्रसाद परिवार के करीबी को ईडी ने किया गिरफ्तार
गुरुग्राम में प्रवर्तन निदेशालय ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी अमित कात्याल को गिरफ्तार किया है। उन पर कृष फ्लोरेंस एस्टेट परियोजना में निवेशकों से वसूली गई राशि को ठगी करने का आरोप है। कात्याल ने 300 करोड़ रुपये जुटाए, लेकिन परियोजना अधूरी है। ईडी ने उन्हें छह दिन की रिमांड पर लिया है।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद परिवार के करीबी अमित कात्याल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया है। ईडी ने सेक्टर-70 स्थित कृष फ्लोरेंस एस्टेट परियोजना में निवेशकों से वसूली गई राशि को तहस- नहस करने के आरोप में एंजल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित कत्याल को गिरफ्तार किया है। धन शोधन अधिनियम के तहत यह गिरफ्तारी मंगलवार को हुई है। ईडी ने आरोपी बिल्डर को गुरुग्राम की विशेष अदालत में पेश करके छह दिन की रिमांड पर लिया है। बिल्डर के खिलाफ गुरुग्राम और दिल्ली में निवेशकों ने मुकदमे दर्ज करवाए हैं। इसके आधार पर ईडी ने जांच शुरू की है।
आरोप है कि इस बिल्डर ने सेक्टर-70 में करीब 14 एकड़ में कृष फ्लोरेंस एस्टेट नामक परियोजना को लांच किया था। फ्लैट के लिए निवेशकों से भारी भरकम राशि वसूल ली, लेकिन कब्जा नहीं दिया। ईडी को शुरुआती जांच में पता चला है कि अमित कत्याल ने धोखाधड़ी से एक अन्य बिल्डर से इस रिहायशी सोसाइटी का लाइसेंस लिया था। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, हरियाणा से लाइसेंस की मंजूरी मिलने से पहले ही निवेशकों को इस परियोजना को बेचना शुरू कर दिया था। करीब 300 करोड़ रुपये निवेशकों से एकत्र किए गए। यह परियोजना पिछले 10 साल से अधूरी पड़ी है। बिल्डर ने तीन टावर बनाए हैं, जो भी अधूरे हैं। इसके चलते फ्लैट खरीदारों की एसोसिएशन ने दिवालियापन की कार्यवाही शुरू की थी। जांच में ईडी को यह भी पता चला हे कि कत्याल ने केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए बनी एक परियोजना में तीसरे पक्ष के नाम फ्लैट की कई फर्जी बुकिंग की। इससे प्राप्त धन को खुर्दबुर्द किया गया। आरोप है कि कत्याल ने आईबीसी के तहत कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग किया। दिवालियापन की कार्यवाही के दौरान लाइसेंस प्राप्त भूमि में से दो एकड़ भूमि को करीब 130 करोड़ रुपये में बेच दिया। जांच में यह भी पता चला है कि बैंकों से लिए गए करीब 80 करोड़ रुपये के ऋण को भी खुर्द-बुर्द किया है। इस बिल्डर पर सेक्टर-63 स्थित कृष वर्ल्ड में भी निवेशकों की राशि को खुर्द-बुर्द करने का आरोप है। गुरुग्राम और दिल्ली में इस परियोजना को लेकर भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी ईडी के रिमांड पर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




