अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

संक्षेप:

फर्जी आरसी, नकली चाबी और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे आरोपी, एक करोड़ से ज्यादा कीमत की तीन कार बरामद

Sep 13, 2025 08:17 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना समेत छह गुर्गों को दिल्ली, अलीगढ़ और बिहार से दबोचा है। इनके कब्जे से एक करोड़ से अधिक कीमत की चोरी की तीन लग्जरी कारें बरामद की हैं। इसके अलावा फर्जी नंबर प्लेट, मास्टर चाबियां और नकली आरसी भी जब्त की गई हैं। डीसीपी (पूर्वी जिला) अभिषेक धानिया ने बताया कि 27 अगस्त को गुप्त सूचना पर जामिया नगर निवासी कासिम हुसैन को गाजीपुर इलाके में हिंडन नहर रोड से चोरी की काली कार समेत पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कासिम पहले भी कई बार वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उसी के आधार पर पुलिस ने उसके साथियों ओखला विहार निवासी खुशनवाज और ताज मोहम्मद को गिरफ्तार किया। वहीं, उसका एक और सहयोगी अबुजर उर्फ सोनू बिहार के पूर्वी चंपारण से चोरी की कार समेत दबोचा गया। आगे की छानबीन में अलीगढ़ से दो रिसीवर आमिर मालिक और आसिफ खान भी पकड़े गए, जिनके पास से एक और चोरी की कार बरामद हुई। पूर्वोत्तर राज्यों तक बिकती थीं कारें जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली से लग्जरी व अन्य कारें चुराकर मेरठ और अलीगढ़ होते हुए पूर्वोत्तर राज्यों तक भेज देता था। पहचान छिपाने के लिए गाड़ियों पर नकली नंबर प्लेट लगाई जाती थी और फर्जी आरसी तैयार की जाती थी। मास्टर चाबियों की मदद से गाड़ियां मिनटों में गायब कर दी जाती थीं। पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की गाड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था। बरामद कारों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। कासिम और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मामलों में अब संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश कर रही है।