Delhi News: वेतन बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा की मांग के लिए बस ड्राइवरों ने की हड़ताल

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi News: - बुराड़ी, दिलशाद गार्डन, केशाेपुर, ग्रेटर कैलाश समेत कई डिपो से मंगलवार सुबह से नहीं हुआ बसों का संचालन - बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ानई दिल्ली, प्रमुख...

Delhi News:  वेतन बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा की मांग के लिए बस ड्राइवरों ने की हड़ताल

Delhi News: - बुराड़ी, दिलशाद गार्डन, केशाेपुर, ग्रेटर कैलाश समेत कई डिपो से मंगलवार सुबह से नहीं हुआ बसों का संचालन - बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।

डीटीसी और परिवहन विभाग के बेड़े में शामिल प्राइवेट ऑपरेटर्स की बसों के ड्राइवरों ने मंगलवार सुबह हड़ताल कर दी। वेतन बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा, सालाना बोनस और ओवर टाइम का भुगतान समेत कई मुद्दों को लेकर ड्राइवर काम बंद कर सड़कों पर उतर आए।

बंद होने वाले डिपो

बुराड़ी, दिलशाद गार्डन, केशोपुर, ग्रेटर कैलाश, झिलमिल समेत अधिकांश डिपो में हड़ताल हो जाने और बसों के सड़कों पर न निकलने की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्हें मेट्रो, ऑटो और अन्य वैकल्पिक परिवहन साधनों से यात्रा करनी पड़ी।

ड्राइवरों का कहना है कि 10-15 साल का अनुभव होने के बावजूद उन्हें अकुशल श्रमिकों की तरह दैनिक वेतन दिया जा रहा है। उन्हें प्रतिदिन 862 रुपये वेतन दिया जा रहा है, जबकि इसी काम के लिए डीटीसी के स्थायी ड्राइवरों को 50-60 हजार से ज्यादा वेतन दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इन बसों के ड्राइवरों को न तो मेडिकल सुविधा दी जा रही है और न ही ओवर टाइम का भुगतान किया जा रहा है। 8 घंटे की बजाय 10 से 11 घंटे ड्यूटी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्राइवरों ने अपनी मांगों को लेकर बस ऑपरेटर्स और डिपो के अधिकारियों से कई बार वार्ता की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मंगलवार से हड़ताल का फैसला लिया गया।

बसों की आवाजाही पर असर

दिल्ली के कुछ डिपो में सुबह की शिफ्ट में ड्राइवर बसों को लेकर निकल गए थे, लेकिन दोपहर तक सभी डिपो में हड़ताल का संदेश पहुंच गया। हड़ताली ड्राइवरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित हो रहीं बसों को भी रुकवा दिया। इसके चलते बुराड़ी, मयूर विहार फेज-3 समेत कई इलाकों में सड़कों पर ही बसों की कतारें लग गईं। यात्रियों को बीच सफर में बसों से उतरकर पैदल आगे जाना पड़ा। इसकी वजह से मंगलवार सुबह नौकरीपेशा लोग ड्यूटी पर पहुंचने में लेट हो गए।

हड़ताल की चेतावनी

ड्राइवरों का कहना है कि अब हड़ताल कर दी है तो तब तक जारी रहेगी, जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी। उनका कहना है कि वे खुद भी यात्रियों को परेशान नहीं करना चाहते हैं, लेकिन बस ऑपरेटर्स और सरकार मिलकर ड्राइवरों का शोषण कर रहे हैं। महज 862 रुपये प्रतिदिन की दिहाड़ी पर काम करना संभव नहीं है, जबकि दिल्ली में महंगाई अन्य शहरों की अपेक्षा ज्यादा है। स्कूल, मकान का किराया, रोजमर्रा का सामान सभी की कीमतें आसमान छू रही हैं।

यूनियन का बयान

कुशल और तकनीकी रूप से दक्ष ड्राइवरों को अकुशल श्रमिकों वाला वेतन दिया जा रहा है। इसको लेकर यूनियन भी कई बार मांगें उठा चुकी हैं। हड़ताली ड्राइवरों को यूनियन का पूरा समर्थन है। - ललित चौधरी, अध्यक्ष, डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦ड्राइवर किस मुद्दे पर हड़ताल कर रहे हैं?−
ड्राइवर वेतन बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा, सालाना बोनस और ओवर टाइम का भुगतान समेत कई मुद्दों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर Newsनई दिल्लीDelhi News: वेतन बढ़ोतरी, मेडिकल सुविधा की मांग के लिए बस ड्राइवरों ने की हड़ताल