नशे में धुत महिला एसआई ने पुलिसकर्मियों को पीटा
नई दिल्ली में कनॉट प्लेस के एक रेस्तरां में नशे में धुत महिला एसआई और उसके पति ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। दोनों पर सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। कनॉट प्लेस के रेस्तरां में नशे में धुत महिला एसआई ने जमकर बवाल काटा। यह घटना 12 फरवरी की है। महिला एसआई और उसके पति ने कॉल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की पिटाई की। कनॉट प्लेस थाने में एसआई और उसके पति पर सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 12 फरवरी को महिला एसआई और उसका पति लार्ड ऑफ ड्रिंक रेस्तरां में पहुंचे। देर रात तक दोनों ने जमकर शराब पी। रेस्तरां प्रबंधन ने 4538 रुपये का बिल मांगा तो महिला एसआई ने पद के बारे में बताकर बिल देने से मना कर दिया।
इस बात पर दोनों में विवाद हुआ और रेस्तरां कर्मी ने पीसीआर कॉल कर दी। इस बीच बीट कांस्टेबल गोपाल, हेडकांस्टेबल सुरेश और महिला कांस्टेबल भी पहुंची। नशे में धुत महिला एसआई ने गोपाल के संवेदनशील अंगों पर प्रहार कर दिया और वर्दी फाड़ दी। एसआई के पति ने सुरेश की पिटाई की और दांत से काट लिया। जब महिला कांस्टेबल ने बीच बचाव की कोशिश की तो एसआई ने उसे भी पीट दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों को किसी तरह से पुलिस स्टेशन लाया गया। यहां पर भी दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों का लेडी हार्डिंग अस्पताल में मेडिकल कराया गया। फिर पुलिसकर्मी के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। इसमें दोनों आरोपी नशे में धुत नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों को नोटिस दिया था, लेकिन इसके बाद से वे फरार हैं। इन्होंने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन खारिज हो गई है। पुलिस इनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



