
आर एंड डी के लिए नए नियमों से फंडिंग को मिलेगा बढ़ावा: डीआरडीओ प्रमुख
संक्षेप: - दिल्ली रक्षा संवाद में बोले समीर वी कामत नई दिल्ली, एजेंसी।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के प्रमुख समीर वी कामत ने बुधवार को कहा कि अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) के लिए नए नियमों और वित्त पोषण के तरीकों पर विचार करने से फंडिंग को बढ़ावा मिलेगा। फंडिंग को आसान बनाने के लिए सामान्य वित्तीय नियमों (जीएफआर) में एक नया अध्याय पेश करने पर विचार कर रहे हैं। वह मनोहर पर्रिकर इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस (एमपी-आईडीएसए) में दिल्ली रक्षा संवाद 2025 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कामत ने रक्षा अनुसंधान और विकास क्षेत्र में अमेरिका की डिफेंस एडवांस्ड रिसर्च प्रोजेक्ट्स एजेंसी (डीएआरपीए) जैसी स्वायत्तता की आवश्यकता बताते हुए अनुसंधान के लिए फंडिंग प्राप्त करने में आने वाली चुनौतियों पर बात की।

डीआरडीओ प्रमुख ने कहा, रक्षा उत्पादन विभाग (डीएसपी) के सचिव को जीएफआर में नया अध्याय तैयार करने का काम सौंपा गया है। इससे हमें स्टार्टअप्स, एमएसएमई और बड़े उद्योगों में अत्याधुनिक आर एंड डी को फंड करने में मदद मिलेगी, जिससे हमारे नवाचार में तेजी आएगी। उन्होंने कहा, ऐसी परियोजनाओं को व्यय के बजाय निवेश के रूप में माना जाना चाहिए। अगर हमारी परियोजनाएं विफल हो जाती हैं, तो हमें कैग और संसद को जवाब देना पड़ता है कि सरकार को नुकसान क्यों हुआ है। लेकिन आर एंड डी को एक व्यय के रूप में नहीं, बल्कि निवेश के रूप में देखा जाना चाहिए। क्योंकि भले ही कोई परियोजना विफल हो जाए, उस आर एंड डी से जो सबक आप सीखते हैं, उन्हें कई अन्य जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




