
आईटी में बड़ी गिरावट से बाजार की बढ़त सीमित
मुंबई में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में तेज गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को मामूली बढ़त देखी गई। सेंसेक्स 79 अंक और निफ्टी 48 अंक बढ़कर बंद हुए। इन्फोसिस में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जिससे पूरे आईटी क्षेत्र पर दबाव बना।
मुंबई, एजेंसी। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में तेज गिरावट आने से घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को मामूली बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स 79 अंक की बढ़त पर रहा जबकि निफ्टी 48 अंक चढ़कर बंद हुआ। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी और कच्चे तेल के दाम में तेजी से भी निवेशक धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, चुनिंदा शेयरों में तेजी से सूचकांक हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र में जोरदार उछाल के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09 प्रतिशत बढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान यह 83,947.53 अंक के उच्चस्तर तक गया और 83,119.95 अंक के निचले स्तर तक आया। इस तरह इसमें 827.58 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 48.45 अंक यानी 0.19 प्रतिशत चढ़कर 25,776 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में इटर्नल, ट्रेंट, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड और मारुति सुजुकी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। इन शेयरों में सात प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख आईटी कंपनियों में तेज गिरावट की वजह से बीएसई आईटी सूचकांक 5.49 प्रतिशत लुढ़ककर 35,109.51 पर बंद हुआ। इन्फोसिस सात प्रतिशत टूटा अमेरिकी बाजारों में प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के अनुरूप बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में तेज गिरावट देखी गई। इस दौरान इन्फोसिस का शेयर सात प्रतिशत से अधिक लुढ़क जाने से पूरे क्षेत्र पर दबाव बना। एआई स्टार्टअप एंथ्रोपिक की तरफ से समूची कार्यप्रणाली को स्वचालित करने वाला टूल पेश किए जाने से यह चिंता बढ़ी कि कृत्रिम मेधा (एआई) में तीव्र प्रगति पारंपरिक सॉफ्टवेयर कारोबारी मॉडल को प्रभावित कर सकती है। बीएसई पर दिग्गज आईटी सेवा प्रदाता इन्फोसिस का शेयर 7.19 प्रतिशत तक गिर गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 6.95 प्रतिशत, एलटीआईमाइंडट्री में 5.51 प्रतिशत और हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज में 4.98 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स में 4.69 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 4.22 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 4.12 प्रतिशत और विप्रो में 3.73 प्रतिशत की गिरावट रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




