ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्ली20 सालों में आपदाओं से देश में 100 करोड़ लोग प्रभावित हुए : रिपोर्ट

20 सालों में आपदाओं से देश में 100 करोड़ लोग प्रभावित हुए : रिपोर्ट

वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर आपदाओं से होने वाले नुकसान को मौजूदा कीमतों के आधार पर देखें, तो नुकसान 13 लाख करोड़ रुपये या सकल घरेलू उत्पाद का...

20 सालों में आपदाओं से देश में 100 करोड़ लोग प्रभावित हुए : रिपोर्ट
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीFri, 26 Nov 2021 04:30 PM
ऐप पर पढ़ें

- भारत में वर्ष 1900 से अब तक 756 प्राकृतिक आपदाएं आई

- आपदाओं की वजह से भारत को अब तक 13 लाख करोड़ का नुकसान

मुंबई। एजेंसी

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा कि आपदाओं से 2001 से अब तक कुल 100 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि इन आपदाओं के कारण लगभग 83,000 लोगों की जान चली गई। वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर आपदाओं से होने वाले नुकसान को मौजूदा कीमतों के आधार पर देखें, तो नुकसान 13 लाख करोड़ रुपये या सकल घरेलू उत्पाद का छह फीसदी हो जाता है।

भारत वर्ष 1900 से अब तक आई प्राकृतिक आपदाओं की संख्या के मामले में अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर है। भारत में वर्ष 1900 से अब तक 756 प्राकृतिक आपदाएं आई हैं, जिसमें भूस्खलन, तूफान, चक्रवात, भूकंप, बाढ़, सूखा जैसे घटनाएं शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 1900 से 2000 के दौरान 402 आपदाएं और 2001-2021 के दौरान 354 आपदाएं आईं। रिपोर्ट के मुताबिक 1991 और 2021 के बीच, देश में कुल नुकसान का केवल आठ फीसदी ही कवर किया गया, इसलिए इस अवधि के दौरान लगभग 92 फीसदी सुरक्षा अंतर है। एसबीआई समूह के मुख्य आर्थिक सलाहकार सौम्य कांति घोष ने रिपोर्ट में कहा है कि सुरक्षा अंतर को खत्म करने के लिए प्रारंभिक हस्तक्षेप की आवश्यकता है। प्राकृतिक आपदा जोखिमों से बचाव के लिए एक राष्ट्रीय आपदा पूल बनाकर सार्वजनिक-निजी समाधान एकमात्र रास्ता है। रिपोर्ट में उन्होंने कहा कि 2020 की बाढ़ से कुल आर्थिक नुकसान 7.5 अरब डॉलर या 52,500 करोड़ रुपये था, लेकिन बीमा केवल 11 फीसदी था। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इसका बीमा किया होता, तो 60,000 करोड़ रुपये के बीमा राशि का प्रीमियम सिर्फ 13,000-15,000 करोड़ रुपये होता। प्राकृतिक आपदाओं के कारण मानवीय क्षति के अलावा भारी आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1900 के बाद से हमें 144 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है। बाढ़ से सबसे अधिक 86.8 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है और उसके बाद तूफान से 44.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। यदि इन नुकसानों को मौजूदा कीमतों के साथ समायोजित किया जाता है नुकसान लगभग 87 अरब अमरीकी डालर या 13 लाख करोड़ रुपये का है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके अलावा, नुकसान की रिपोर्टिंग में बहुत बड़ा अंतर है। देश की केवल 193 घटनाओं के नुकसान के आंकड़े उपलब्ध हैं और मौजूदा आकलन पद्धति में भी कई समस्याएं हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें