डिंपल यादव ने महिला आरक्षण को लेकर सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन और परिसीमन विधेयकों का विरोध किया। उन्होंने सरकार पर महिला सशक्तिकरण में कमी का आरोप लगाया और कहा कि यह विधेयक भाजपा के घटते वोट शेयर के कारण लाया गया है। यादव ने सभी वर्गों की महिलाओं के लिए समान प्रतिनिधित्व की मांग भी की।

डिंपल यादव ने महिला आरक्षण को लेकर सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने शुक्रवार को महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन और परिसीमन सहित तीन विधेयकों का विरोध किया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा मौजूदा स्वरूप में संवैधानिक संशोधन के पक्ष में नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली सरकार पर महिला सशक्तिकरण के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता की कमी का आरोप लगाते हुए डिंपल यादव ने कहा कि वर्ष 2023 में सभी पार्टियों ने महिला आरक्षण विधेयक का सर्वसम्मति से समर्थन किया था। सरकार की जल्दबाजी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह विधेयक इसलिए पेश किया गया है क्योंकि भाजपा का वोट शेयर घट रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले ढाई वर्षों में जनगणना क्यों नहीं कराई गई। सरकार का असल मकसद केवल परिसीमन प्रक्रिया को हथियार बनाना है।डिंपल यादव ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों की महिलाओं के लिए समान प्रतिनिधित्व की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि ओबीसी वर्ग को उसका हक नहीं देने के लिए सरकार यह संशोधन लाई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से सिर्फ घरों की गिनती कर रही है। इसके साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश और देश के दूसरे राज्यों में महिलाओं की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। डिंपल यादव ने कहा कि प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे है, ऐसे में महिलाएं कैसे आगे बढ़ेंगी। सपा सांसद ने कहा कि भाजपा महिला सुरक्षा की बात करती है, पर कुलदीप सेंगर ने क्या किया, इसको भी देखना चाहिए। अंकिता भंडारी और मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की कम से कम महिला सांसदों को तो बोलना चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।