खेल....पडिक्कल को नजरंदाज करना मुश्किल : कार्तिक
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर दिनेश कार्तिक ने कहा कि देवदत्त पडिक्कल की आईपीएल में बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनकी 29 गेंदों में 50 रन की पारी ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्तिक ने उनकी परिपक्वता की सराहना की।

नई दिल्ली, एजेंसी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर दिनेश कार्तिक का मानना है कि देवदत्त पडिक्कल जिस तरह से आईपीएल में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए उन्हें भारतीय टीम से लंबे समय तक बाहर रखना मुश्किल होगा। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन की संयमित लेकिन प्रभावी पारी खेलकर टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। चिन्नास्वामी स्टेडियम की चुनौतीपूर्ण पिच पर उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर मौके मिलते ही आक्रामक तेवर अपनाए।कार्तिक ने उनकी इस पारी को ‘परिपक्वता का नमूना’ बताते हुए कहा कि मुश्किल हालात में भी पडिक्कल ने अपना इरादा नहीं बदला।
कार्तिक ने कहा, ‘जब रन बनाना आसान नहीं था, तब भी उन्होंने धैर्य बनाए रखा। कई बल्लेबाज ऐसे समय में जोखिम लेते हैं और विकेट गंवा देते हैं, लेकिन उन्होंने सही समय का इंतजार किया।’उन्होंने आगे कहा कि पहली बाउंड्री के बाद पडिक्कल ने अपने खेल का गियर बदला और क्लासिकल क्रिकेट शॉट्स के साथ गेंद को बाउंड्री पार भेजा। कार्तिक ने जोड़ा, ‘अगर वह इसी तरह खेलते रहे तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने लगातार रन बनाए हैं।’पडिक्कल की इस पारी में पांच चौके और दो छक्के शामिल थे। उधर, भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने चेन्नई की बल्लेबाजी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अनुभवी बल्लेबाजों का फॉर्म में न होना टीम के लिए चुनौती बन रहा है। कुंबले ने कहा, शुरुआती मैचों में चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं, लेकिन अभी समय है और उन्हें जल्द अपनी कमियां सुधारनी होंगी।’
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


