
कोहरे ने रोकी राजधानी की रफ्तार, 60 से अधिक उड़ानें रद्द, 90 ट्रेन देर से पहुंचीं
नई दिल्ली में घने कोहरे के कारण सोमवार को दृश्यता कम हो गई, जिससे उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित हुईं। 60 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं और 90 से अधिक ट्रेनें देर से पहुंचीं। हालांकि, मेट्रो का परिचालन सामान्य रहा। फुटबॉलर लियोनेल मेसी की चार्टर्ड फ्लाइट भी विलंबित हुई।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। कोहरे और धुंध ने सोमवार को राजधानी की रफ्तार रोक दी। दृश्यता कम होने के कारण न केवल उड़ानें प्रभावित हुईं बल्कि ट्रेन का परिचालन भी बाधित हुआ। दिल्ली हवाई अड्डे पर सोमवार को दृश्यता का स्तर शून्य होने के कारण 60 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और पांच उड़ानों को दूसरे गंतव्य पर भेजना पड़ा। वहीं, राजधानी पहुंचने वाली 90 से अधिक ट्रेन विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर देर से पहुंचीं। मेट्रो में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखी गई। हालांकि, मेट्रो का परिचालन बाधित होने की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी (डायल) ने सुबह 10 बजे के बाद एक्स पोस्ट में बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ान संचालन प्रभावित है।
दोहपर तक 60 से अधिक उड़ानें रद्द होने और पांच उड़ानों के गंतव्य बदले जाने की सूचना थी। इसके अलावा 250 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। हालांकि, दृश्यता के स्तर में सुधार के बाद परिचालन सामान्य हो गया। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि दृश्यता कम होने के कारण उड़ान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। एक चित्र साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि 13 एयरक्राफ्ट उतरने के लिए कतार में हैं और पार्किंग का इंतजार कर रहे हैं। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता ने दिल्ली और उत्तरी भारत के अन्य हवाई अड्डों पर परिचालन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हालांकि, इंडिगो ने यह नहीं बताया कि उसकी कितनी उड़ानें रद्द हुईं और कितनी विलंबित हुईं। एयर इंडिया ने भी बयान जारी कर कहा कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में विमान परिचालन को प्रभावित कर रही है। यात्री हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें। लियोनेल मेसी की फ्लाइट में देरी राजधानी में खराब मौसम के कारण दिल्ली आ रहे फुटबालर लियोनेल मेसी की चार्टर्ड फ्लाइट भी निर्धारित समय से देर से पहुंची। मेसी सोमवार को मुंबई में थे और उन्हें सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुंचना था लेकिन कोहरे के कारण उनकी चार्टर्ड उड़ान में विलंब हुआ। वह दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




