खेल : भारत से हार के बाद बाबर को टीम से बाहर करने की मांग

Feb 16, 2026 04:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत से हार के बाद बाबर को टीम से बाहर करने की मांग प्रतिक्रिया

खेल : भारत से हार के बाद बाबर को टीम से बाहर करने की मांग

भारत से हार के बाद बाबर को टीम से बाहर करने की मांग प्रतिक्रिया कराची, एजेंसी। पाकिस्तान की टी-20 विश्व कप के मैच में भारत से 61 रन की हार के बाद स्टार बल्लेबाज और बाबर आजम आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। देश के कई पूर्व खिलाड़ियों ने कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें भी टीम से बाहर करने की मांग की है। शाहिद अफरीदी भड़के : उनके साथ ही शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी रविवार रात हुए एकतरफा मुकाबले में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, अगर मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी-20 टीम में नहीं चुनता।

उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले हैं, लेकिन कल वे फिर से नाकाम रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए वहीं पूर्व कप्तान बाबर सात गेंदों पर सिर्फ पांच रन बना अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने भी माना कि पाक टीम दबाव में चुनौती पेश करने में नाकाम रही। उन्होंने कहा, बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है, पर हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए। यूसुफ ने नए खिलाड़ियों की जरूरत जताई : बाबर का हमेशा समर्थन करने वाले पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, शाहीन, बाबर और शादाब का करियर अवसान पर है। पाकिस्तान की टी-20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की नहीं। पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय चैनल पर बाबर कहा, आपने एक ऐसे खिलाड़ी (बाबर आजम) को सुपरस्टार बना दिया है जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता। पिछले 15-20 वर्षों से कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थिति की दुखद सच्चाई यह है कि एक समय हम भारत को कड़ी चुनौती देते थे, लेकिन आज हम उन्हें हराने का सपना भी नहीं देख सकते। पाक ने मैच पहली पारी में ही गंवा दिया था : वकार नई दिल्ली। पाक के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने कहा कि जब भारतीय टीम ने 175 रन बनाए तभी पाक टीम मैच से बाहर हो गई थी। वकार ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, गेंद स्पिन हो रही थी और सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी में पूरी समझदारी से बदलाव किए। मुझे नहीं लगता कि पाक ने अपने स्पिन गेंदबाजों का उतना अच्छा इस्तेमाल किया, जितना भारत ने किया। लेकिन अगर भारत ने 175 की जगह 140 या 150 रन बनाए होते तो शायद स्थिति अलग होती। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने सूर्यकुमार की परिस्थितियों के अनुसार खेलने के लिए सराहना की। गावस्कर ने कहा, सूर्यकुमार ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। अमेरिका के खिलाफ मैच में जब भारत 77 रन पर छह विकेट खोकर मुश्किल में था, तब सूर्या ने टीम को संकट से उबारा। पाकिस्तान के खिलाफ जब वह बल्लेबाजी करने आए तब भारत 88 रन पर दो विकेट खो चुका था और फिर उन्होंने 19वें ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए। भले ही वह बेहतर स्ट्राइक रेट से रन नहीं बना पाए लेकिन उन्होंने एक छोर पर डटे रहकर यह सुनिश्चित किया कि विकेट न गिरें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।