धूप और हवा की बदली दिशा से पांच डिग्री चढ़ा पारा

Jan 17, 2026 08:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली के मौसम में शनिवार को हवा की दिशा बदलने से बड़ा बदलाव आया। अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को मध्यम से घना कोहरा और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

धूप और हवा की बदली दिशा से पांच डिग्री चढ़ा पारा

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। हवा की दिशा बदलने की वजह से शनिवार को राजधानी के मौसम में खासा बदलाव देखने को मिला। दिनभर तेज धूप के चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा हो गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार की सुबह दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। इसलिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली के मौसम में शनिवार को तेज बदलाव देखने को मिला। अभी तक दिल्ली में गलन भरी बर्फीली हवाएं चल रही थीं। जिसके चलते लोगों को ठिठुरन का अनुभव हो रहा था।

रात और सुबह के समय अब भी लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के ज्यादातर स्थानों पर शनिवार की सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा साफ हो गया और सुबह 10 बजे के बाद से ही तेज धूप निकल आई। अभी तक हवा की दिशा उत्तरी पश्चिमी या पश्चिमी रही थी। यह हवा उच्च हिमालयी क्षेत्रों और रेगिस्तानी इलाकों की ठंडक भी साथ ला रही थी। अब हवा की दिशा पूर्वी या दक्षिणी पूर्वी हो गई है। इसके चलते पहले हवा में मौजूद गलन कम हुई है। मौसम के इन कारकों के चलते अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 53 से 100 फीसदी तक रहा। दिल्ली के आयानगर में दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 6.6 डिग्री ज्यादा है। रिज मौसम केन्द्र का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है। बादलों के कारण गलन में कमी के आसार मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को हल्के बादलों की आवाजाही रह सकती है। हवा की दिशा पूर्वी और दक्षिण पूर्वी बनी रहेगी। इसके चलते हवा में गलन कम होगी। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। शनिवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।