तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को मिली राहत
दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को मध्यम कोहरा और बादल छाने का अनुमान है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान में वृद्धि जारी है। ठंड से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को राजधानी में हल्की बारिश और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से ऊपर रिकार्ड किया गया था, जबकि सोमवार को यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। अब राजधानी में हवा की दिशा बदलने से मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा सकता है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में नौ जनवरी को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया था।
इसके बाद से लगातार ही तापमान नीचे बना हुआ था। रविवार के बाद सोमवार को भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर आ गया। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार की सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में सोमवार का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर अधिकतम 100 तथा न्यूनतम 39 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। सुबह आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 23 से 25 और न्यूनतम तापमान सात से नौ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की गति पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



