Delhi News: छतरपुर में मतदाताओं को केंद्र पर बुला रहे बीएलओ
Delhi News: आंकड़े कुल मतदाता - 14510298 गणना प्रपत्र वितरण हुआ - 14479988 ऑनलाइन भरे गए

Delhi News: नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने हैं, लेकिन छतरपुर के कई इलाकों में इन प्रपत्रों का वितरण नहीं हुआ है। बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र वितरण और मतदाताओं का सत्यापन करने के बजाय एक मतदान केंद्र पर बैठ रहे हैं। गणना प्रपत्र ले जाने के लिए मतदाताओं को जबरन अपने पास बुलाने के लिए दबाव डाल रहे हैं। इससे परेशान मतदाताओं को सूची से नाम कटने की चिंता सता रही है।
गणना प्रपत्र वितरण में समस्याएँ
छतरपुर निवासी रामनिवास शर्मा ने बताया कि उनका गणना प्रपत्र अभी तक उन्हें नहीं मिला है। जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि कई क्षेत्रों के बीएलओ घर-घर जाने के बजाय एक मतदान केंद्र पर आकर बैठ जाते हैं। अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क किया तो उन्होंने केंद्र पर आकर फॉर्म ले जाने की बात कही। इस पर भी वे राजी हो गए, लेकिन बीएलओ ने परिवार के अन्य सदस्यों के फॉर्म उन्हें देने से इनकार कर दिया और सभी सदस्यों को उनके पास लाने का दबाव डाला।
बीएलओ की कार्यप्रणाली
छतरपुर के राजपुर खुर्द एक्सटेंशन निवासी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें भी गणना प्रपत्र नहीं मिला है। बीएलओ ने घर आकर फॉर्म देने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कुछ दिन और इंतजार करने के बाद भी गणना प्रपत्र न मिला तो वे जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से शिकायत करेंगे।
घर-घर जाए बगैर कैसे होगा सत्यापन
एसआईआर के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन करना है। निर्वाचन आयोग की ओर से दिए गए प्रशिक्षण के दौरान भी उन्हें यह बताया गया था। घर-घर जाने से बीएलओ को यह भी पता चल जाएगा कि मतदाता की ओर से मतदाता सूची में दर्ज कराया गया पता सही है या उसने मकान बदल लिया है। अगर लोग खुद ही बीएलओ के पास आकर गणना प्रपत्र ले जाएंगे और भरकर उनके पास जमा कर देंगे तो मतदाताओं का सत्यापन और एसआईआर का मकसद पूरा नहीं हो सकेगा।
------


