
वीसीआईएस में चयनित उम्मीदवारों की जल्द जारी होगी सूची
दिल्ली विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर इंटर्नशिप स्कीम (वीसीआईएस) पार्ट टाइम 2025-26 के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 3500 आवेदनों में से 2280 विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। ग्रुप डिस्कशन...
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर इंटर्नशिप स्कीम (वीसीआईएस) पार्ट टाइम 2025-26 के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस बार 3500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें से 2280 विद्यार्थी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। आवेदकों को 13 से 15 अक्तूबर 2025 तक ग्रुप डिस्कशन के लिए बुलाया गया था। आगामी दिनों में चयनित उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चयन के बाद वीसीआईएस पार्ट टाइम इंटर्न को दिल्ली विश्वविद्यालय के 55 से अधिक विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त किया जाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष 2022-23 से वीसीआईएस की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करना है। इससे उन्हें विशेष रूप से विश्वविद्यालय प्रणाली के विभिन्न क्षेत्रों और सामान्य रूप से सरकारी व्यवस्थाओं में आधिकारिक कामकाज को समझने में मदद मिलती है। डीएसडब्ल्यू कार्यालय दो प्रकार की वीसीआईएस इंटर्नशिप प्रदान करता है। इसमें शैक्षणिक सत्र के दौरान छह महीने के लिए वीसीआईएस पार्ट टाइम इंटर्नशिप और गर्मी की छुट्टियों के दौरान दो महीने के लिए फुल टाइम वीसीआईएस ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप। अंशकालिक इंटर्नशिप के लिए प्रति सप्ताह 8-10 घंटे लचीले कार्य घंटे हैं, जिसमें प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को 5775 रुपये प्रति माह का वजीफा मिलता है और ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप के लिए प्रति सप्ताह 20 घंटे कार्य घंटे हैं, जिसमें 11,000 रुपये प्रति माह का वजीफा मिलता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


