दाखिला की दौड़: एसओएल से एमबीए सहित अन्य प्रोफेशनल कोर्स में 17 जून से होगा दाखिला
एसओएल ने विदेशी भाषा के कोर्स शुरू कर दिया है दाखिला -एमबीए के लिए

एसओएल ने विदेशी भाषा के कोर्स शुरू कर दिया है दाखिला -एमबीए के लिए कैट की जरूरत नहीं
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखनी हो, प्रबंधन की पढ़ाई कर बेहतर करियर बनाना हो या फिर विदेशी भाषाएं सीखकर वैश्विक अवसरों तक पहुंच बनानी हो, ऐसे विद्यार्थियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय का कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (सीओएल)बड़ा अवसर लेकर आया है। 17 जून से एमबीए सहित कई व्यावसायिक और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू होने जा रहे हैं। इसके साथ ही विदेशी भाषाओं के प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम
सीओएल के अंतर्गत संचालित स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल), दूरस्थ एवं सतत शिक्षा विभाग तथा मुक्त अधिगम विकास केंद्र ने विद्यार्थियों के लिए कई नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। सीओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि आठ प्रमुख विदेशी भाषाओं में एक वर्षीय प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, इतालवी, पुर्तगाली, चीनी, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं।
कक्षा शिक्षण और ऑनलाइन उपलब्धता
इन पाठ्यक्रमों का संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय के जर्मनिक एवं रोमांस अध्ययन विभाग तथा पूर्वी एशियाई अध्ययन विभाग के सहयोग से किया जाएगा। विशेष बात यह है कि भविष्य में इन भाषाई पाठ्यक्रमों को ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे देश के विभिन्न राज्यों के विद्यार्थी भी घर बैठे इनसे जुड़ सकेंगे।
रूसी भाषा के पाठ्यक्रम
विदेशी भाषा शिक्षा के दायरे को और विस्तृत करते हुए कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग केंद्र रूसी भाषा में भी एक वर्षीय प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। यह पाठ्यक्रम कक्षा शिक्षण और ऑनलाइन दोनों माध्यमों में उपलब्ध होगा।
प्रवेश प्रक्रिया
उधर, 17 जून से शुरू होने वाली प्रवेश प्रक्रिया में कई लोकप्रिय व्यावसायिक पाठ्यक्रम शामिल हैं। इनमें व्यवसाय प्रशासन में स्नातकोत्तर (एमबीए), पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान में स्नातकोत्तर, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान में स्नातक तथा विज्ञापन एवं डिजिटल मीडिया नेतृत्व में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रमुख हैं।
दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी पात्रता, शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग के प्रवेश पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।
प्रश्न-उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


