
इस साल में डीयू को मिलेंगे कई नए भवन, दो हजार करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्य होंगे पूरे
-नव वर्ष पर कुलपति ने शिक्षकों के साथ किया संवाद नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
दिल्ली विश्वविद्यालय को नए साल में कई नए कॉलेज और अकादमिक भवन मिलने जा रहे हैं और नवनिर्माण का दौर लगातार जारी रहेगा। कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्य इस समय प्रगति पर हैं, जिनमें से अधिकांश 2026 के दौरान पूरे हो जाएंगे। नववर्ष के पहले कार्य दिवस पर दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कुलपति ने शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के साथ आने वाले वर्ष की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2025 डीयू के लिए एक सफल वर्ष रहा है और 2026 इससे भी बेहतर साबित होगा।
कुलपति ने बताया कि नए वर्ष में वीर सावरकर कॉलेज विश्वविद्यालय को मिल जाएगा। इसके अलावा कई अकादमिक भवन तैयार हो जाएंगे। विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्र की नई इमारतें भी बनकर तैयार होंगी, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आईओई की नई इमारत, आईओई छात्रावास, कंप्यूटर सेंटर की नई बिल्डिंग और पुस्तकालय के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी, नया गर्ल्स हॉस्टल, पूर्वी और पश्चिमी परिसर का निर्माण भी जारी है। साथ ही विश्वविद्यालय में नवीनीकरण के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और जो शेष हैं, उनके भी इसी वर्ष पूरा होने की उम्मीद है। संवाद कार्यक्रम में कुलपति ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय की कार्यशैली अलग है और यहां विविध प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में दिल्ली विश्वविद्यालय जैसा कोई और विश्वविद्यालय नहीं है। बीते वर्ष विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसका श्रेय पूरे डीयू परिवार को जाता है। प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि 2025 में रैंकिंग के क्षेत्र में भी डीयू ने मजबूत स्थिति बनाई है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में रोजगार से जुड़े मानकों में डीयू दुनिया में 30वें स्थान पर पहुंच गया है और इस श्रेणी में भारत में पहले स्थान पर है। वहीं, एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय श्रेणी में डीयू पांचवें और शोध संस्थान श्रेणी में 12वें स्थान पर पहुंच गया है। कार्यक्रम में प्रोन्नति और नियुक्तियों का भी जिक्र किया गया। कुलपति ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक विभिन्न कॉलेजों और विभागों में 9,115 शैक्षणिक प्रोन्नतियां हुई हैं। इसके अलावा 5,037 शैक्षणिक और 456 गैर-शैक्षणिक नियुक्तियां की गई हैं। दाखिला प्रक्रिया पर बात करते हुए कुलपति ने कहा कि सीयूईटी के बाद डीयू में प्रवेश प्रणाली और अधिक पारदर्शी हुई है। वर्ष 2025 में कुल 71,642 सीटों के मुकाबले 72,229 दाखिले हुए, यानी सीटों से अधिक प्रवेश संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में नए शैक्षणिक कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे और ओड़िया अध्ययन केंद्र को भी मंजूरी मिल चुकी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




