तीन और स्थानों पर शुरू होगी हॉट एयर बैलून की सुविधा

Dec 13, 2025 06:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली के नागरिकों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। डीडीए अगले महीने से बांसेरा पार्क के बाद तीन और स्थानों पर हॉट एयर बैलून की सुविधा शुरू करने जा रहा है। लोग ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे और एक बार में चार लोग राइड का आनंद ले सकेंगे। टिकट की कीमत तीन हजार रुपये होगी।

तीन और स्थानों पर शुरू होगी हॉट एयर बैलून की सुविधा

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली के नागरिकों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। बांसेरा पार्क के बाद अब दिल्ली विकास प्राधिकरण अगले महीने से तीन और स्थानों पर हॉट एयर बैलून की सुविधा शुरू करने जा रहा है। डीडीए की वेबसाइट पर लोग इसके ऑनलाइन टिकट भी बुक करा सकेंगे। डीडीए कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज खेल परिसर, सूरजमल विहार स्थित यमुना खेल परिसर और असिता पूर्वी पार्क में हॉट एयर बैलून की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस संबंध में डीडीए अधिकारियों ने बताया कि तीनों नए स्थानों पर सभी दिनों में सुबह और शाम के समय दो से ढाई घंटे का स्लॉट होगा।

एक बार में चार लोग हॉट एयर बैलून का लुत्फ उठा सकेंगे। इसकी राइड का समय लगभग सात से 12 मिनट का होगा। इसके टिकट का मूल्य तीन हजार रुपये तय किया गया है। सुविधा शुरू करने से पहले जल्द ही तीनों स्थानों पर बांसेरा पार्क की तरह ही परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बीते महीने नवंबर के अंत में बांसेरा पार्क में हॉट एयर बैलून का सफल परीक्षण करने के बाद महज चार दिनों में लोगों के लिए इसकी सुविधा शुरू कर दी गई थी। इसी की तर्ज पर तीन और स्थानों पर यह सुविधा लोगों को उपलब्ध होगी। इससे दिल्ली में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।