
मुखबिरी के शक में दो दोस्तों पर जानलेवा हमला
आरोपी वारदात के बाद नकदी लूटकर फरार हो गए, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में पुलिस से मुखबिरी के शक में तीन बदमाशों ने दो दोस्तों पर जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि गोलीबारी के दौरान किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन दोनों युवक चाकू लगने से घायल हो गए। आरोपी वारदात के बाद नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना 29 दिसंबर की सुबह करीब छह बजे ईदगाह पुलिया के पास हुई। जनता मजदूर कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय अमन ऑटो में बैठा था, तभी बाइक से आए तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने अमन पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसे ऑटो से खींच लिया।
एक आरोपी ने पिस्टल तान दी, जबकि दूसरे ने चाकू से हमला किया। अमन ने पिस्टल पकड़ने की कोशिश की, इसी दौरान उसके सिर और पीठ पर चाकू से वार किया गया। अमन किसी तरह जान बचाकर गली की ओर भागा, तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी, जो उसे नहीं लगी। घटना की जानकारी मिलने पर उसका दोस्त दानिश मौके पर पहुंचा, जहां अमन का दोस्त अरमान भी घायल मिला। अरमान ने बताया कि आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला किया और 1500 रुपये लूट लिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जय प्रकाश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया। वेलकम थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूटपाट की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




