
दिल्ली के स्कूलों में फिर बम की धमकी
नई दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। संदिग्ध ई-मेल के बाद पुलिस ने सघन तलाशी की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अभिभावकों में चिंता और भय का माहौल है। पुलिस विदेशी सर्वर का इस्तेमाल कर रहे आरोपियों की तलाश कर रही है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी के स्कूलों को बम की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की सुबह एक बार फिर दिल्ली के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। संदिग्ध ई-मेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में अफरातफरी मच गई। धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमों ने बम और डॉग स्क्वॉयड के साथ स्कूलों में पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एहतियातन स्कूलों को खाली करा लिया गया था। जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने इसे झूठी कॉल (हॉक्स कॉल) करार दिया।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली के कई नामी स्कूलों से सुबह तकरीबन 10:30 बजे के बाद धमकी भरा ई-मेल आने की सूचना मिलने लगी थी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्शन मोड में आ गईं। हाल ही में लालकिले के पास हुए धमाके के बाद पुलिस किसी भी धमकी भरे कॉल और ई-मेल को काफी गंभीरता से ले रही है। आननफानन स्कूलों को खाली करा लिया गया। स्कूलों की इमारतों के साथ परिसर की भी सघन जांच की गई। हालांकि, इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, धमकी भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान की कोशिश की जा रही है। इसके लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जांच में जुटी साइबर क्राइम यूनिट बीते एक-डेढ़ साल में दिल्ली-एनसीआर के स्कूल-कॉलेजों और एयरपोर्ट पर बम की धमकी के कई ई-मेल मिल चुके हैं। इससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में डर का माहौल है। वर्ष 2024 से शुरू हुए धमकी भरे ई-मेल के सिलसिले में पुलिस को विदेशी सर्वर के इस्तेमाल होने का पता चला है। इस कारण पुलिस अब तक असली आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। बहरहाल दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट सहित अन्य एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिरकार बार-बार धमकी देने वाला कौन है। कुछ मामलों में बच्चों की शरारत भी आई थी सामने धमकी भरे ई-मेल और कॉल के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक-दो बार कुछ नाबालिगों को ट्रेस किया था। पूछताछ में इन बच्चों ने स्कूल में छ्ट्टी और परीक्षा की तिथि आगे बढ़वाने के लिए इस तरह की शरारत करने की बात कबूली थी। जिसके बाद उन्हें समझाकर छोड़ दिया गया था। हालांकि, ज्यादातर मामलों में विदेशी सर्वर और डार्क वेब का इस्तेमाल होने के कारण पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। अभिभावक कामकाज छोड़कर स्कूलों की ओर दौड़े नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। राजधानी दिल्ली के निजी स्कूलों को लगातार मिल रहीं बम की फर्जी धमकियों ने बुधवार को फिर से अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। सुबह करीब 10 बजे लक्ष्मी नगर स्थित लवली पब्लिक स्कूल, द इंडियन स्कूल और आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थानों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से अभिभावकों में चिंता गहराती जा रही है, जबकि छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाएं बाधित हो रही हैं। धमकी की जानकारी मिलते ही अभिभावक अपने कामकाज छोड़कर तेजी से स्कूलों की ओर दौड़े। लवली पब्लिक स्कूल के बाहर तनाव और बेचैनी साफ दिखाई दी। एक छात्र आदित्य ने बताया कि बम की सूचना के जिस वक्त वह परीक्षा दे रहा था। माहौल अचानक बेहद डरावना हो गया। सभी को अचानक बाहर जाने को कहा गया, कारण भी साफ नहीं बताया गया, सब घबरा गए थे। अभिभावक पंकज तोमर ने बताया कि ऑफिस पहुंचते ही पत्नी का फोन आया कि स्कूल को बम की धमकी मिली है। वह तुरंत काम छोड़कर बच्चे को लेने पहुंचे। वहीं अभिभावक रीना का कहना है कि उनका बच्चा कक्षा छह में पढ़ता है। लगातार मिल रही धमकियों से बच्चे और माता-पिता दोनों असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों को लगातार निशाना बनाए जाने पर सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। लगातार जारी फर्जी धमकियों ने स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


