जनवरी में पहली बार छह डिग्री से नीचे गया दिल्ली का पारा
नई दिल्ली में इस साल पहली बार न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। गुरुवार को घने कोहरे के चलते दृश्यता 150 मीटर तक गिर गई थी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से तापमान में सुधार हुआ, लेकिन यह सामान्य से अभी भी कम रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में इस साल पहली बार गुरुवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। ज्यादातर इलाकों में बुधवार की रात से ही कोहरा घना होने लगा था। मध्यरात्रि के समय तो घने कोहरे के चलते दृश्यता का स्तर गिरकर 150 मीटर तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में दृश्यता के स्तर में सुधार हुआ। गुरुवार की सुबह दिल्ली के ज्यादातर स्थानों पर हल्का कोहरा रहा। दिन चढ़ने के साथ यह कोहरा भी साफ हो गया और 11 बजे के लगभग खिली हुई धूप निकल आई। धूप के चलते दिन के तापमान में सुधार हुआ है।
हालांकि, अभी भी यह सामान्य से नीचे ही रहा। ज्ञात हो कि, पिछले दो दिनों में दिल्ली के पालम और लोधी रोड पर शीत दिवस यानी कोल्ड डे की स्थिति बन रही थी, लेकिन धूप के चलते गुरुवार को शीत दिवस की स्थिति कहीं भी नहीं रही। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 63 से 100 फीसदी तक रहा। पिछले दो दिनों से शीत दिवस की स्थिति का सामना कर रहे पालम और लोधी रोड पर तापमान में हल्का इजाफा हुआ है। पालम में दिन का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। चार दिन ही छह से नीचे आया तापमान इस बार रात के तापमान में गिरावट तुलनात्मक तौर पर कम रही। यह इससे भी समझा जा सकता है कि दिसंबर और अब जनवरी में कुल चार दिन ही ऐसे रहे हैं, जब न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे आया हो। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर महीने की एक तारीख को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस, चार और पांच दिसंबर को 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा था। अब आठ जनवरी को न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस पर आया है। शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार सुबह भी दिल्ली के ज्यादातर स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की गति पांच से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


