नई पैकिंग में एक्सपायर्ड सामान बेचने वाला गैंग पकड़ा

Feb 28, 2026 07:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक सामान को नई पैकिंग में बेचने वाले एक बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है। गाजियाबाद के ओमप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। उसके गोदाम से एक हजार किलोग्राम एक्सपायर्ड सामान बरामद हुआ है। आरोपी नए स्टॉक की तरह सामान बेचता था।

नई पैकिंग में एक्सपायर्ड सामान बेचने वाला गैंग पकड़ा

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बाजार में नामी कंपनियों के ब्रांडेड उत्पाद खरीदने वाले ग्राहकों के लिए यह खबर चौंकाने वाली है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक सामान को नई पैकिंग में बेचने वाले एक बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है। गाजियाबाद निवासी ओमप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जगतपुर की गली नंबर 9बी स्थित उसके गोदाम से करीब एक हजार किलोग्राम एक्सपायर्ड सामान बरामद हुआ है। डीसीपी विक्रम सिंह के मुताबिक, गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी एक्सपायर हो चुके उत्पाद बड़ी मात्रा में इकट्ठा करता था। केमिकल से असली एक्सपायरी डेट और बैच नंबर मिटाकर नई फर्जी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तारीख प्रिंट की जाती थी।

इसके बाद उत्पादों की दोबारा पैकिंग कर उन्हें बिल्कुल नए स्टॉक की तरह बाजार में उतार दिया जाता था। सस्ते दामों पर यह सामान अनजान दुकानदारों और ग्राहकों को बेचा जा रहा था। ये सामान बरामद छापे में नेस्ले शुगर फ्री, ग्लूकोन-डी, डाबर गुलाबारी बॉडी लोशन, रोज वॉटर, क्लीन एंड क्लियर फेस वॉश, विक्स वेपोरब, डाबर लाल तेल, ओडोमास, ऑलिव ऑयल, डाबर च्यवनप्राश और सैवलॉन एंटीसेप्टिक जैसे कई ब्रांडेड उत्पाद बरामद हुए। साथ ही प्रिंटिंग फ्रेम, लेबलिंग सामग्री और तारीख बदलने के उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में और लोग शामिल हैं। आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चेन और जुड़े अन्य ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।