‘आंखें और कान’ योजना के तहत जागरुकता अभियान अयोजित
सभी जिलों, मेट्रो तथा आईजीआईए यूनिट के पुलिस थानों में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों की भारी भागीदारी रही
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आज राजधानी के सभी जिलों, मेट्रो, आईजीआईए इकाइयां और रेलवे थानों में ‘आंखें और कान’ योजना के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बाजार कल्याण संघ (एमडब्ल्यूए), निवासी कल्याण संघ (आरडब्ल्यूए), होटल मालिक, सेकंड हैंड कार डीलर, फल और सब्जी विक्रेता, सुरक्षा गार्ड, कुली और अन्य सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योजना की जानकारी देना और सुरक्षा बनाए रखने में जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। इस पहल के तहत नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों या व्यक्तियों के बारे में पुलिस को जानकारी साझा करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिल्ली पुलिस के यूट्यूब चैनल पर किया गया, साथ ही सभी थानों और आईजीआईए इकाइयों में इसे देखा जा सका। नागरिकों को किरायेदारों के सत्यापन, फेरीवालों पर निगरानी और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। होटल मालिकों को अतिथि चेक-इन के समय पूरी जांच करने और रिकॉर्ड रखने की सलाह दी गई। सिम कार्ड विक्रेताओं को नए सिम जारी करने के नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। सेकंड हैंड कार डीलरों से खरीदारों की पहचान सुनिश्चित करने और वाहन स्वामित्व का समय पर हस्तांतरण करने को कहा गया। पार्किंग परिचारकों और रसायन विक्रेताओं को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन सहायता प्रणाली (ईआरएसएस) 112 और दिल्ली पुलिस की ‘आंखें और कान’ हेल्पलाइन 14547 के नंबर भी साझा किए गए। पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया कि संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं या किसी भी सुरक्षा खतरे की सूचना तुरंत दें। यह अभियान राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




