दिल्ली-मुंबई को दहलाने की साजिश रचने वाले आठ संदिग्ध गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त किया जो देश के कई शहरों में आतंक फैलाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार और ग्रेनेड बरामद किए। कई लोग सीमा पार के आकाओं के संपर्क में थे।

दिल्ली-मुंबई को दहलाने की साजिश रचने वाले आठ संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को मुंबई अंडरवर्ल्ड और शहजाद भट्टी के एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त किया जो दिल्ली, मुंबई सहित देश के कई शहरों को दहलाने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने मामले में आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया। यह मॉड्यूल दिल्ली और मुंबई के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और पुलिस कर्मियों पर हमलों की साजिश में शामिल था। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और यूएपीए की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, पंजाब और नेपाल के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विजय उर्फ शूटर, नीतीश पासवान, तौकीर रिजवान, अहमद शेख, साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान, हरविंदर सिंह, गगनदीप सिंह, मनजीत सिंह और नेपाली मूल का लामा आंग कामी शामिल हैं。

हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार हैंड ग्रेनेड, दो ग्लॉक पिस्तौल और 24 जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा चोरी के दो दोपहिया वाहन और कई मोबाइल भी जब्त किए। मोबाइल की जांच से देश विरोधी साजिशों और संदिग्ध चैट के प्रमाण मिले हैं। पकड़े गए कुछ लोग सीमा पार बैठे आकाओं के सीधे संपर्क में थे और उन्हें महत्वपूर्ण ठिकानों की रेकी करने के निर्देश मिले थे। इन्होंने कई ठिकानों की रेकी कर भी ली थी। जबकि, नेटवर्क के लिए पैसों का इंतजाम करने और छिपने के ठिकानों की व्यवस्था करने के लिए विदेशी नागरिकों की मदद ली जा रही थी।

अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थी

स्पेशल सीपी अनिल शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थीं। कुछ को हमलों को अंजाम देने, कुछ को हथियार और विस्फोटक पहुंचाने और अन्य को लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराने का काम दिया गया था।

युवाओं को नेटवर्क में शामिल करने का भी था निर्देश

जांच में यह भी सामने आया कि मॉड्यूल से जुड़े कुछ लोगों को दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों में युवाओं की पहचान कर उन्हें नेटवर्क से जोड़ने और भविष्य की गतिविधियों के लिए तैयार करने के भी निर्देश दिए गए थे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दिल्ली पुलिस ने कितने संदिग्धों को गिरफ्तार किया?
दिल्ली पुलिस ने आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।