13 हजार करोड़ की ड्रग्स तस्करी में एक आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 13 हजार करोड़ रुपये के ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े कीरत शर्मा को गिरफ्तार किया है। वह थाईलैंड से नशीले पदार्थ लाकर भारत में तस्करी करता था। इस गिरफ्तारी से नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 13 हजार करोड़ रुपये के ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल ने सिक्किम से कीरत शर्मा नाम के आरोपी को दबोचा है। वह इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के लिए थाईलैंड से नशीले पदार्थ मंगाकर इसकी भारत के अलग-अलग हिस्सों में तस्करी करता था। आरोपी की गिरफ्तारी से इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर कई अहम खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है। गौरतलब है कि 2 अक्तूबर 2024 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी के साथ गुजरात, पंजाब समेत तीन राज्यों में छापेमारी कर कई गिरफ्तारियों के बाद करीब 13 हजार करोड़ की 1289 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम मारिजुआना बरामद की थी।
जांच में यह खुलासा हुआ था कि इस गिरोह द्वारा तस्करी नेटवर्क स्थापित करने के लिए थाईलैंड और दुबई में कोर ग्रुप की एक मीटिंग हुई थी। इसके बाद पाकिस्तानी सर्वर के मेल से ऑर्डर के बाद तस्करी का खेल शुरू हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। चार्जशीट में तीन फर्जी कंपनियां बनाकर ड्रग्स के रॉ मैटेरियल की सप्लाई किए जाने की बात का खुलासा किया गया था। इन देशों से जुड़े थे नेटवर्क के तार इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान, थाईलैंड, दुबई, मलेशिया और यूके तक फैले थे। इस नेटवर्क में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 25 से ज्यादा लोग शामिल थे, जिसमें से 19 नामजद थे, जबकि 14 की गिरफ्तारी की गई थी। वहीं पांच को भगोड़ा घोषित किया गया था। इस कार्रवाई को देश में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक माना जाता है। पुलिस के मुताबिक आरोपी तुषार गोयल द्वारा दिल्ली के महिपालपुर इलाके में गोदाम में कोकीन की अब तक की सबसे बड़ी खेप रखी गई थी, उसने इस धंधे की शुरुआत थाईलैंड और दुबई में रहने वाले तस्करों से मीटिंग करने के बाद की थी। इसके लिए फार्मा से जुड़ी तीन शेल कंपनियां बनाई गईं थीं। इन कंपनियों के जरिये ही रॉ मैटेरियल की मंगाने व उसे सप्लाई करने का काम होता था। इसमें से गुजरात की फार्मा सलूशन सर्विसेज कंपनी की ईमेल आईडी पाकिस्तानी सर्वर से बनाई गई थी। इतना ही नहीं इस ईमेल का इस्तेमाल माल मंगाने और पहुंचाने के लिए 2 अप्रैल से लेकर तीन अक्तूबर तक किया गया था। इसके बाद इसकी वेबसाइट बंद कर दी गई थी और मेल का ऑपरेशन भी बंद कर दिया गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस ईमेल की रिकवरी के लिए जिस वैकल्पिक ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था, उसे बनाने के लिए भी पाकिस्तानी सर्वर का ही इस्तेमाल किया गया था। तीनों फर्म दूसरे के नाम पर बनी थीं स्पेशल सेल को तफ्तीश में पता चला कि तस्करी के इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का मास्टर माइंड संदीप धुने उर्फ सनी और विरेंद्र सिंह बैसोया उर्फ वीरू हैं। इनके निर्देश पर ही तीन कंपनियों फार्मा सल्यूशन सर्विसेस, आरम बायोकेम और लाइफ सर्वर फार्मा का पंजीकरण गरीब लोगों के नाम पर इनके नेटवर्क के जैक्सन फर्नांडीस ने कराए थे और तीनों ही फर्म के जीएसटी, करंट बैक अकाउंट और पैन कार्ड बनवाकर अपने पास ही रख लिया था। इन तीनों कंपनियों का इस्तेमाल शैल फर्म के रूप में किया जाता था। कच्चे माल की खेप मंगवाने से लेकर उसे तैयार कर भेजने के लिए फार्मा कंपनी के पाकिस्तानी सर्वर से बनाए गए ईमेल का इस्तेमाल किया गया। दुबई से आती थी डिलीवरी की लोकेशन मामले में तकनीकी टीम की तफ्तीश में यह भी खुलासा हुआ था कि दुबई में बैठे गिरोह के मास्टरमाइंड में से एक विरेंद्र सिंह बैसोया इस ग्रुप के भारत प्रमुख तुषार गोयल को सोशल मीडिया ऐप के जरिये ड्रग्स की डिलीवरी की लोकेशन दुबई से भेजता था। साथ ही जिस शख्स से ड्रग्स की खेप लेनी होती थी, उसकी क्रॉप की हुई फोटो भी भेजता था। तकनीकी जांच में यह भी पता चला कि दुबई में बैठा बैसोया अपने नेटवर्क के लोगों से संपर्क करने के लिए 'थ्रीमा चैट एप्लीकेशन' का इस्तेमाल करता था। बैसोया, फिलहाल देश से बाहर है। मास्टरमाइंड वीरेंद्र के बेटे ऋषभ बसोया के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। ऋषभ भी भारत से फरार बताया जा रहा है। क्या है रेड कॉर्नर नोटिस बता दें, जब कोई व्यक्ति अपराध करके देश से भागकर दूसरे देश में जाकर छिप जाता है, तो देश की पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल से मदद मांगती है। इसके बाद इंटरपोल उस व्यक्ति के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




