
पेट्रोलिंग और छापेमारी के दौरान दो दिन में 72 बदमाश धरे
दिल्ली की उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज करते हुए दो दिनों में 72 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 8 मादक पदार्थ तस्करों को 628 ग्राम गांजा और 15 अवैध शराब तस्करों को 345 लीटर शराब के साथ पकड़ा। इसके अलावा, जुए के खिलाफ भी कार्रवाई की गई जिसमें 36 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी की उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए दो दिनों में व्यापक कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत पेट्रोलिंग और छापेमारी कर पुलिस ने कुल 72 बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान मादक पदार्थों की तस्करी पर भी कड़ा प्रहार किया गया। पुलिस ने आठ तस्करों को 628 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। वहीं अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए 15 तस्करों को 345 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि यह शराब पड़ोसी राज्यों से लाकर जिले में सप्लाई की जा रही थी।
हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चाकू, दो तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा जुए के खिलाफ चलाए गए अभियान में 36 जुआरियों को नकद 1,11,660 रुपये और जुआ सामग्री के साथ पकड़ा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि यह अभियान नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में जारी रहेगा। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




