सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 12 बदमाश धरे
यह कार्रवाई युवाओं को अपराध की ओर जाने से रोकने और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई है

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस की सेंट्रल रेंज ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहरा कर खौफ फैलाने वाले 12 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई युवाओं को अपराध की ओर जाने से रोकने और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई। ज्वाइंट कमिश्नर मधुर वर्मा ने बताया कि नॉर्थ जिला पुलिस ने आठ और सेंट्रल जिला पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है। वे कथित तौर पर पिस्तौल, देशी कट्टा, चाकू और तलवार जैसे हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खौफ फैला रहे थे।
नॉर्थ जिला के आरोपियों में 23 वर्षीय अमित सिंह, 18 वर्षीय गौरव थापा, 18 वर्षीय विशाल गुप्ता उर्फ हेमंत, 23 वर्षीय रोहित और 22 वर्षीय सुजल शामिल है। पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित हथियार सप्लायर अरुण उर्फ प्रधान, 25 वर्षीय अभिषेक और 22 वर्षीय मयंक राजपूत को भी गिरफ्तार किया। सेंट्रल जिला पुलिस ने 21 वर्षीय युग, 19 वर्षीय तनिश, 20 वर्षीय राज और 30 वर्षीय मनीष उर्फ चमन को पकड़ा। चमन के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी चांदनी चौक, तिमारपुर, वजीराबाद, बुराड़ी और पहाड़गंज से पकड़े गए। सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर लोगों में डर फैलाने वालों पर दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई व्यापक सराहना पा रही है। पुलिस अब इनसे और पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर रही है और अन्य वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


