Delhi News: ढोंगी बाबा-तांत्रिकों पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक : कोर्ट
Delhi News: द्वारका की विशेष पॉक्सो अदालत ने आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में 74 वर्षीय असगर वाखो को उम्रकैद की सजा सुनाई। आरोपी ने फकीर बाबा बनकर बच्ची की बीमारी ठीक करने का दावा किया था। अदालत ने उस पर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया और पीड़िता को 15 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया। कोर्ट ने तांत्रिकों पर अंधविश्वास करने के खतरे पर भी टिप्पणी की।

Delhi News:
नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। इलाज और चमत्कार के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर लोगों को ठगने वाले ढोंगी बाबा का सच एक बार फिर अदालत में बेनकाब हुआ है। द्वारका स्थित विशेष पॉक्सो अदालत ने वर्ष 2025 में आठ साल की बच्ची के साथ इलाज के नाम पर दुष्कर्म करने वाले 74 वर्षीय दोषी असगर वाखो को उमक्रैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही पीड़िता को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वैभव मेहता की कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि तांत्रिक या ढोंगी बाबा पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक साबित हो सकता है। अक्सर लोग तांत्रिकों पर अंधा विश्वास करके उन्हें अपने निजी जीवन और घरों में बिना रोक-टोक प्रवेश दे देते हैं। उनकी गतिविधियों पर सवाल तक नहीं उठाते हैं, जो उचित नहीं है। कोर्ट ने आरोपी असगर को पॉक्सो अधिनियम की धारा छह और दस के तहत दोषी ठहराया था।
अदालत की सजा और अंधविश्वास पर चेतावनी
इलाज का झांसा देकर दुष्कर्म
मामला उत्तम नगर इलाके में फरवरी 2025 का है। बच्ची दौरे की बीमारी से पीड़ित थी। परिजन इलाज के बीच चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे थे। इसी लाचारी का फायदा उठाकर आरोपी असगर खुद को फकीर बाबा बताकर उनके घर पहुंचा और तंत्र-विद्या से बीमारी ठीक करने का दावा किया। उसने झांड़-फूंक के बहाने परिजनों को दूसरे कमरे में भेज दिया और बच्ची को दीवार की तरफ मुंह करके आंख बंद करने को कहा। फिर उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया।

