
नजफगढ़ में सेफ स्कूल जोन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी
नई दिल्ली में नजफगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 'सेफ स्कूल जोन' विकसित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने सलाहकार एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है। यह योजना स्कूल क्लस्टर के आसपास बच्चों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात नियमों को कड़ा करने और रोड डिजाइनिंग करने पर केंद्रित है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। नजफगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘सेफ स्कूल जोन’ विकसित करने की योजना बनेगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इसके लिए सलाहकार एजेंसी की तलाश कर रहा है। योजना के तहत स्कूल क्लस्टर के आसपास दोनों तरफ 500 मीटर का हिस्सा बच्चों की आवाजाही सुरक्षित बनाने के उपाय बताने के साथ रोड डिजाइनिंग की जाएगी। नजफगढ़ रोड पर राजकीय बालक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय-दो के पास शिवाजी मार्ग टी-प्वॉइंट से ज्योति मेमोरियल अस्पताल तक सेफ स्कूल जोन बनना प्रस्तावित है। यह हिस्सा स्कूल क्लस्टर कहलाता है। इसके आसपास एक दर्जन से अधिक स्कूल हैं, जिनमें 15 हजार से अधिक बच्चे पढ़ते हैं।
स्कूल आने के समय सुबह और छुट्टी के वक्त दोपहर में यहां पर भीड़ रहती है। इसी सड़क से वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ऐसे में हादसा होने का डर बना रहता है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने बताया कि इस चिंता को खत्म करने के लिए सेफ स्कूल जोन योजना के तहत इस क्लस्टर में स्कूलों के आसपास यातायात नियमों को कड़ा किया जा सकता है। इन क्षेत्रों में वाहनों की गति सीमा कम की जा सकती है। स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का काम किया जा सकता है। स्कूल के खुलने और बंद होने के समय यातायात पुलिस की विशेष तैनाती की जा सकती है। फुटपाथों को चौड़ा व सुरक्षित बनाने का काम हो सकता है। अधिकारी ने बताया कि इस काम के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त की जाएगी। वह मौजूदा स्थिति का आकलन कर बताएगी कि कहां कट बंद होने चाहिए, किस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की जरूरत है, वाहन गति कितनी रखी जाए। रोड का डिजाइन भी वह बनाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




