
चार नए ठोस अपशिष्ट संसाधन संयंत्र के प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत होंगे
संक्षेप: नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददातादिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक आज गुरुवार को होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें चार नए ठोस अपशिष्ट संसाधन संयंत्र से जुड़ा प्रस्ताव पेश...
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक आज गुरुवार को होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव को प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें चार नए ठोस अपशिष्ट संसाधन संयंत्र से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया जाएगा। निगम की योजना है कि चार नए ठोस अपशिष्ट संयंत्र से हर दिन 5100 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा सकेगा। भलस्वा, सिंघोला, नरेला-बवाना और ओखला में यह सयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इसमें 361.42 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अतिरिक्त सदन में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर ग्रेप के चरण लागू होने पर निगम की पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भी सदन में लाया जा सकता है।

इसके अलावा मच्छर जनित बीमारियों की निगम की साप्ताहिक रिपोर्ट के आधार पर डेंगू से दो मौतों के सामने आने के बाद सदन की बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए जाने की उम्मीद है। जैव खनन प्रक्रिया से कई एकड़ जमीन खाली हुई निगम अधिकारियों ने बताया कि तीनों लैंडफिल साइटों पर वर्षों पुराने कचरे की जैव खनन प्रक्रिया को वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। वर्ष 2025 तक लैंडफिल साइटों पर जैव खनन के कारण कई एकड़ जमीन खाली हुई है। इसके तहत भलस्वा लैंडफिल साइट पर 25 एकड़ और ओखला लैंडफिल साइट पर 10 एकड़ भूमि फिर से निगम को प्राप्त हुई है। इस खाली जमीन पर कूड़ा निस्तारण व रिसाइकल के लिए संयंत्र लगाए जाएंगे। इसमें भलस्वा में 1800 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता, सिंघोला में 700 मीट्रिक टन प्रतिदिन की क्षमता, ओखला में 1,400 मीट्रिक टन प्रतिदिन की क्षमता और नरेला-बवाना में 1,200 टन प्रतिदिन की क्षमता वाली कूड़े के निस्तारण के संयंत्र स्थापित करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




