मानसून से पहले जमीनी स्थिति देखने सड़क पर उतरे मंत्री
नई दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को बारिश से पहले तैयारी के तहत प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की समस्याओं को समझा और अधिकारियों को उचित समाधान करने के निर्देश दिए। मंत्री ने नालों की सफाई और डीसिल्टिंग कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता मानसून को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने राजधानी की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। गवर्नमेंट ऑन व्हील्स पहल के तहत दक्षिण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हुए इस निरीक्षण में कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की समस्या समझी और अधिकारियों को उसका उचित समाधान करने के निर्देश दिए।मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को मूलचंद चौराहा, एम्स चौराहा, छतरपुर मेट्रो क्षेत्र, नेल्सन मंडेला मार्ग, मुनिरका फ्लाईओवर और विवेकानंद मार्ग सहित कई ऐसे अंडरपास का निरीक्षण किया जहां प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है।मंत्री
ने इन जगहों पर अहम बिंदुओं को समझा और वहां चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जब आप खुद इन जगहों पर आते हैं, तो स्थिति साफ दिखती है। कहाँ सुधार हुआ है, कहाँ काम धीमा है और कहाँ बारिश के समय दिक्कत आ सकती है।कई जगहों पर मंत्री ने गाड़ी से उतरकर नालों की सफाई, चल रहे डीसिल्टिंग कार्य और सड़कों की स्थिति का निरीक्षण किया। कुछ जगहों पर अधूरी सफाई और संभावित रुकावटें सामने आईं, जिन्हें उन्होने तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि अगर नाले की सफाई अधूरी है या कहीं पानी का रास्ता बंद है, तो पूरा इलाका प्रभावित होता है। अभी हमारा पूरा ध्यान इन कमजोर कड़ियों को समय रहते ठीक करने पर है। खासतौर पर उन इलाकों पर ध्यान दिया जा रहा है जो निचले स्तर पर हैं या जहां अंडरपास हैं। इन जगहों पर थोड़ी सी तेज बारिश भी जलभराव और यातायात बाधा का कारण बन सकती है। इस दौरान अलग-अलग विभागों की मौजूदगी में कई मुद्दों पर चर्चा हुई और जिम्मेदारियां तय की गईं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


