कॉपर की जगह एल्युमीनियम केबल लगाएगा डीएमआरसी
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने कॉपर केबल की चोरी से परेशान होकर 175 किलोमीटर कॉपर केबल को एल्युमीनियम केबल में बदलने का निर्णय लिया है। यह बदलाव 32.59 करोड़ रुपये की लागत से होगा। पिछले एक साल में 80 से अधिक चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिससे मेट्रो संचालन पर असर पड़ा है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। मेट्रो कॉरिडोर पर कॉपर केबल की लगातार हो रही चोरी से परेशान दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बड़ा फैसला लिया है। जिन इलाकों में केबल चोरी की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं, वहां 175 किलोमीटर कॉपर केबल हटाकर एल्युमीनियम केबल लगाए जाएंगे। 33 केवी क्षमता वाले इन केबलों को बदलने पर 32.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीएमआरसी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और आवंटन के बाद करीब डेढ़ साल में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कॉपर महंगा होने के कारण चोरों के निशाने पर रहता है। बीते एक साल में केबल चोरी की 80 से अधिक घटनाएं दर्ज हुईं।
जून 2024 से मई 2025 के बीच 89 मामले सामने आए, जिनमें 32 सिग्नल, 35 ट्रैक्शन और 22 इलेक्ट्रिकल केबल चोरी शामिल हैं। रफ्तार पर सीधा असर सिग्नल केबल कटते ही ट्रेनों की रफ्तार पर सीधा असर पड़ता है। कई बार प्रभावित कॉरिडोर पर पूरे दिन 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलानी पड़ीं। पिछले महीने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर धौला कुआं के पास 800 मीटर सिग्नल केबल काट दिए गए थे, जिससे परिचालन प्रभावित हुआ। डीएमआरसी को उम्मीद है कि एल्युमीनियम केबल की स्क्रैप वैल्यू कम होने से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी और मेट्रो परिचालन सुचारु रहेगा। यहां हो चुकी घटनाएं सबसे ज्यादा घटनाएं रेड लाइन (रिठाला-शहीद स्थल नया बस अड्डा, गाजियाबाद) पर दर्ज की गई हैं। शास्त्री पार्क, सीलमपुर और वेलकम के बीच का हिस्सा संवेदनशील माना गया है। इसके अलावा ब्लू लाइन के यमुना बैंक क्षेत्र, मजेंटा लाइन पर जसोला विहार-ओखला पक्षी विहार और यलो लाइन के जहांगीरपुरी इलाके में भी कई वारदातें हो चुकी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


