Delhi News: 1046 अवैध संपत्तियों पर एक माह में हुई कार्रवाई
Delhi News: -मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर नगर निगम ने सभी 12 जोन में अवैध निर्माण और असुरक्षित इमारतों के खिलाफ तेज की कार्रवाईनई दिल्ली प्रमुख संवाददातामुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेश पर दिल्ली नगर निगम...

Delhi News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेश पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा राजधानी में अवैध निर्माण और खतरनाक भवनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। बीते एक माह में ऐसी 1046 संपत्तियों के खिलाफ नगर निगम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित हादसों को रोकने के लिए ऐसे भवनों को ध्वस्त या सील किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश नगर निगम को दिए हैं।
12 जोन में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 6 सितंबर से उन्होंने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। बीते 10 अक्तूबर तक दिल्ली नगर निगम ने सभी 12 जोन में 1,046 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। वहीं इस अवधि में 282 संपत्तियों को सील किया गया और 47 खतरनाक इमारतों को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि नरेला जोन में 62, रोहिणी में 158, सिविल लाइंस में 63, केशवपुरम में 61, सिटी एसपी जोन में 87, करोल बाग में 85, शाहदरा साउथ में 87, शाहदरा नॉर्थ में 115, वेस्ट जोन में 87, नजफगढ़ में 45, सेंट्रल जोन में 75 और साउथ जोन में 121 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
सील की गईं 282 संपत्तियां
इसी दौरान नरेला में एक, रोहिणी में दो, सिविल लाइंस में आठ, केशवपुरम में 20, सिटी एसपी जोन में 87, करोल बाग में 11, शाहदरा साउथ में 27, शाहदरा नॉर्थ में 41, वेस्ट जोन में 23, नजफगढ़ में तीन, सेंट्रल जोन में 18 और साउथ जोन में 41 संपत्तियों को सील किया गया। इस तरह सभी 12 जोन में कुल 282 संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस अवधि में नरेला में दो, रोहिणी में दो, सिविल लाइंस में आठ, केशवपुरम में दो, सिटी एसपी जोन में आठ, करोल बाग में 13, शाहदरा साउथ में एक, वेस्ट जोन में आठ, नजफगढ़ में एक और साउथ जोन में दो खतरनाक इमारतों को ध्वस्त किया गया।

