
केजरीवाल को पत्र लिखकर राजधानी के प्रदूषण के लिए एलजी ने की आलोचना
दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर राजधानी के प्रदूषण के लिए उनकी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की सरकार ने 11 वर्षों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई कदम नहीं उठाया और चुनाव में हार के बावजूद सबक नहीं लिया।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर राजधानी के प्रदूषण के लिए उनकी आलोचना की है। उप राज्यपाल ने पत्र में उनकी सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 वर्षों में कदम नहीं उठाने और आपराधिक निष्क्रियता के आरोप लगाए हैं। उप राज्यपाल ने आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को लिखे पत्र में राजधानी में वायु प्रदूषण के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है। सक्सेना ने 15 पन्नों के पत्र में आप प्रमुख पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए उनकी पार्टी के लोग दस महीने की भाजपा सरकार के समक्ष अनावश्यक रूप से जटिलताएं पैदा कर रहे हैं।
जबकि, सरकार उनके द्वारा की गई गलतियों को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। उप राज्यपाल ने लिखा है कि विधानसभा चुनावों में हार के बावजूद आप ने नतीजों से सबक नहीं लिया है। आम आदमी पार्टी जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर राजनीति करने और झूठ फैलाने में लगी हुई है। उप राज्यपाल ने लिखा है कि आप सरकार ने सिर्फ तत्कालीन पंजाब सरकार और भारत सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने पत्र में लिखा है कि आप से मुलाकात करके या फोन पर भी यह बातें कहीं जा सकती थीं लेकिन, चुनाव में हार के बाद आप मिलने नहीं आए और पंजाब में ही रहने लगे। जब उनकी ओर से फोन करने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो सका। दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए जब फोन पर संदेश भेजा गया तो पता चला कि उनका नंबर ही ब्लॉक कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




