
सोशल मीडिया पर कमेंट के बाद हत्या मामले में दो आरोपी दबोचे
दिल्ली के जैतपुर इलाके में 15 जनवरी की रात सोशल मीडिया वीडियो विवाद के बाद चाकूबाजी में 22 वर्षीय कृष्णा साहू की मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि पहले से ही पांच नाबालिगों को पकड़ा गया था। मामले में हत्या और हत्या के प्रयास की धाराएं लगाई गई हैं।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। जैतपुर इलाके में 15 जनवरी की रात सोशल मीडिया वीडियो विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पांच नाबालिग सहित कुल आठ लोगों को पकड़ा जा चुका था। वारदात में 22 वर्षीय कृष्णा साहू की मौत हो गई थी, जबकि सन्नी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, मिठापुर स्थित अग्रवाल धर्मशाला के पास हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने समझौते का बहाना बनाकर पीड़ितों को बुलाया और चाकू से गोद दिया। घटनास्थल पर घायल प्रिंस के बयान पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
हत्या के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने पांच नाबालिग और मुख्य आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दीपक ने अपने दोस्तों के साथ वारदात की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपी मनीष कुमार और अमित 16 जनवरी की देर रात गिरफ्तार किए गए। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दीपक के कहने पर इकट्ठा हुए थे। कृष्णा की मौत के बाद नाबालिगों को बाल सुधारगृह और अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और सभी आरोपी कानूनी कार्रवाई के दायरे में हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




