दाखिला की दौड़:-दिल्ली सरकार के तकनीकी विश्वविद्यालयों में जेएसी से बीटेक दाखिला के लिए आवेदन शुरू
- राजधानी के पांच तकनीकी विश्वविद्यालयों को इसके माध्यम से होगा दाखिला -

नई दिल्ली।प्रमुख संवाददाता
राजधानी में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए संयुक्त प्रवेश परामर्श समिति (जेएसी) दिल्ली-2026 ने बीटेक और बीआर्क पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। दिल्ली सरकार के अधीन संचालित प्रमुख तकनीकी विश्वविद्यालयों और संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हो गई।
प्रवेश प्रक्रिया का विवरण
इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय फॉर वूमेन, इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली तथा दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय में प्रवेश दिए जाएंगे।
ज्ञात हो कि पहले दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय इस प्रक्रिया से बाहर था लेकिन इस साल फिर से यह इस संयुक्त काउंसलिंग में शामिल हो गया है।
आवेदन की अंतिम तिथि
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभ्यर्थी 9 जून 2026 की रात 11:30 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क भुगतान और विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को जेएसी दिल्ली के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा।
पात्रता मानदंड और शुल्क
प्रवेश पुस्तिका में पात्रता मानदंड, आरक्षण नीति, परामर्श कार्यक्रम, सीटों का विवरण, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और समय-समय पर वेबसाइट पर जारी अद्यतन सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
ऑनलाइन आवेदन के लिए 1500 रुपये का गैर-वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यमों जैसे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई अथवा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से जमा किया जा सकेगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शुल्क के बिना प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे आवेदन निरस्त माने जाएंगे।
तकनीकी संस्थानों की स्थिति
तकनीकी शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार जेएसी दिल्ली के अंतर्गत आने वाले संस्थान देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिं शिक्षण संस्थानों में गिने जाते हैं। इन संस्थानों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, संगणक विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्थापत्य कला, सूचना प्रौद्योगिकी तथा अन्य आधुनिक तकनीकी विषयों में अध्ययन के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन करते हैं।
इस साल भी इन पांच तकनीकी संस्थानों के लिए कॉर्डिनेटिंग यूनिवर्सिटी एनएसयूटी है। इस बार संस्थान 7765 सीटें इंजीनियरिंग और 90 सीटें बैचलर्स इन आर्किटेक्चर की सीटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा रहा है। अभ्यर्थी इस पोर्टल jacdelhi.admissions.nic.in पर नामांकन कर सकते हैं।
सीटों की संख्या में वृद्धि
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीटीयू सहित अन्य संस्थानों में सीटें बढ़ी हैं। इस बार कुल पांच संस्थानों में 7855 सीटों पर दाखिला होगा।
85 सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित, चार राउंड में होगी काउंसलिंग
ये सभी पांचों संस्थान दिल्ली सरकार के अधीन हैं इसलिए यहां पर दाखिला के लिए 85 फीसद सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। जबकि 15 फीसद सीटें दिल्ली के बाहर के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। इसके लिए शुरुआत में एडमिशन के चार राउंड पर दाखिला होगा सीटें बचने पर आगे काउंसलिंग रखी जाएगी।
दाखिला प्रक्रिया की जानकारी
जेईई पेपर 1 के स्कोर पर बीटेक और जेईई पेपर 2 के स्कोर पर बीआर्क पर दाखिले होंगे। पहले राउंड के लिए मिड जून में सीटें अलॉट होंगी।
दाखिला संबंधी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी इस हेल्पडेस्क helpdesk.jacdelhi2026@nsut.ac.in पर मेल कर सकते हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


