
प्रदूषण नियंत्रण के लिए सीसीटीवी की मदद लेंगे अधिकारी
नई दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। ध्वस्तीकरण से संबंधित मलबा फेंकने वाली गाड़ियों की पहचान कर पुलिस को जानकारी दी जाएगी। निर्माण स्थलों से मलबा उठाने में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों को भी निर्देश दिए गए हैं।
नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली के लुटियन जोन में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इस क्षेत्र में आए दिन ध्वस्तीकरण से संबंधित मलबा फेंकने के मामले सामने आ रहे हैं।ऐसे मामलों को रोकने के लिए नई दिल्ली इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये गाड़ियों को चिन्हित किया जाएगा। ऐसी गाड़ियों की जानकारी पुलिस के साथ साझा की जाएगी ताकि उन पर कानूनी कार्रवाई की जा सके। इसे लेकर नई दिल्ली डीएम की तरफ से पुलिस को निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए हाल ही में नई दिल्ली जिला डीएम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि ध्वस्तीकरण का मलबा कई वाहन खुले में लेकर जाते हैं जिसकी वजह से धूल उड़ती है। इसके साथ ही निर्माण से संबंधित सामान को खुले में ले जाने से भी वह नीचे गिरता है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर अवैध तरीके से वाहन रात को ध्वस्तीकरण का मलबा गिराकर चले जाते हैं। इस तरह के मामलों पर सख्ती से निपटने की आवश्यकता है। डीएम की तरफ से दिल्ली पुलिस, निगम, ट्रैफिक पुलिस, एनएचएआई आदि एजेंसियों को ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि वाहनों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरे की मदद लें और वाहनों का चालान करें। बैठक में विभिन्न एजेंसियों को यह भी निर्देश दिए गए कि ठेकेदारों द्वारा निर्माण स्थलों से ध्वस्तीकरण का मलबा उठाते समय नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा उन जगहों की सूची लोगों के बीच सार्वजनिक की जाए जहां लोग मलबा या कचरा डाल सकते हैं। इससे लोग अवैध तरीके से मलबे को नहीं फेकेंगे। इस पर कार्रवाई करने के लिए एक सप्ताह का समय सभी एजेंसियों को दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




