अधिकार क्षेत्र के बहाने भूमि सीमांकन में देरी नहीं की जा सकती : हाईकोर्ट
दिल्ली उच्च न्यायालय ने जीएनसीटीडी और डीडीए के बीच अधिकार क्षेत्र के विवाद के बावजूद भूमि सीमांकन प्रक्रिया को रोकने से इनकार कर दिया। अदालत ने दोनों एजेंसियों को छह महीने के भीतर सतबरी गांव की कृषि...

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (जीएनसीटीडी) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद के कारण भूमि सीमांकन की प्रक्रिया को रोका नहीं जा सकता। अदालत ने दोनों एजेंसियों को साकेत तहसील के सतबरी गांव स्थित जमीन का सीमांकन छह माह के भीतर संयुक्त रूप से पूरा करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति प्रतीक जालान की कोर्ट ने यह आदेश गौरव गुलाटी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया, जिन्होंने अपने स्वामित्व वाली 13 बीघा व 15 बिस्वा कृषि भूमि का सीमांकन कराए जाने की मांग की थी।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि सीमांकन कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकारियों की है और मात्र अधिकार क्षेत्र का विवाद इस प्रक्रिया में बाधा का कारण नहीं बन सकता। अदालत को बताया गया कि उनके मुवक्किल को कुछ स्थानीय लोगों और पड़ोसी गांवों के निवासियों द्वारा अवैध कब्जे और अतिक्रमण की आशंका है। उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता उस भूमि के वैध मालिक हैं, जिसका रिकॉर्ड राजस्व अभिलेखों खतौनी, खसरा में दर्ज है तथा पंजीकृत दस्तावेजों से भी स्वामित्व प्रमाणित होता है। याचिका में कहा गया कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद सीमांकन नहीं किया गया, जिससे अब न्यायालय के हस्तक्षेप की आवश्यकता पड़ी। कोर्ट ने कहा कि प्रशासनिक भ्रम के चलते ऐसे कार्यों को लंबित नहीं रखा जा सकता। अदालत ने निर्देश दिया कि दोनों एजेंसियां किसी तीसरी स्वतंत्र संस्था के माध्यम से संयुक्त रूप से सीमांकन कराएं, ताकि पारदर्शिता और समन्वय बना रहे। अदालत ने यह भी कहा कि सीमांकन के समय याचिकाकर्ता या उनके प्रतिनिधि की मौजूदगी आवश्यक होगी और समस्त खर्च याचिकाकर्ता द्वारा वहन किया जाएगा। पूरा कार्य आदेश की तारीख से छह माह के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।


