
दिल्ली के लिए हर साल 10 नए स्कूल तैयार करेगी सरकार
-दिल्ली सरकार तेजी से स्कूलों के निर्माण एवं स्कूल की पुरानी इमारतों की मरम्मत के लिए पांच पीएसयू को अपने साथ जोड़ेगी-75 सीएमश्री स्कूल भी दिल्ली सरकार द्वारा जल्द तैयार करने की दिशा में काम किया जा...
-दिल्ली सरकार तेजी से स्कूलों के निर्माण एवं स्कूल की पुरानी इमारतों की मरम्मत के लिए पांच पीएसयू को अपने साथ जोड़ेगी-75 सीएमश्री स्कूल भी दिल्ली सरकार द्वारा जल्द तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है नई दिल्ली अमित झा दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष 10 नए स्कूल बनाए जाएंगे। वर्ष 2029 तक दिल्ली सरकार ने 50 नए स्कूल बनाने का लक्ष्य रखा है ताकि अन्य स्कूलों पर मौजूद छात्रों के अतिरिक्त भार को कम किया जा सके।इसके साथ ही 75 सीएमश्री स्कूल बनाने की तैयारी है। लेकिन मौजूदा एजेंसी अतिरिक्त भार होने के चलते तेजी से इस कार्य को पूरा नहीं कर पा रही है।
इन कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने पांच पीएसयू कंपनियों को निर्माण कार्य के लिए अपने साथ जोड़ने की योजना बनाई है। जानकारी के अनुसार दिल्ली में कई जगहों पर स्कूल की इमारत जर्जर हालत में है। वहीं कई जगह टीन शेड में स्कूल चल रहा है। दिल्ली में कुल 799 सरकारी स्कूल हैं जिनमें से 284 स्कूल में दो पाली में कक्षाएं लगती हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा निदेशालय द्वारा नए स्कूल की इमारत, अतिरिक्त क्लासरूम, लैब, स्टॉफ रूम आदि का निर्माण जल्द से जल्द किया जाना है। पीडब्ल्यूडी एवं दिल्ली सरकार के पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम द्वारा यह निर्माण कार्य किया जाता है।लेकिन अतिरिक्त भार होने के चलते इन निर्माण कार्यों को उनके द्वारा समय पर पूरा नहीं किया जा रहा है। उनके पास इस तरह के कई निर्माण एवं मरम्मत कार्य लंबित पड़े हुए हैं। इसकी वजह से न केवल यह कार्य प्रभावित हो रहे हैं बल्कि हजारों बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है जो स्कूल तैयार होने पर यहां पढ़ते। इसलिए शिक्षा विभाग ने तय किया है कि यह कार्य अन्य एजेंसियों के माध्यम से करवाएं जाएं क्योंकि वह अधिकांश कार्य मार्च 2029 तक पूरा करना चाहते हैं।शिक्षा विभाग को एनबीसीसी, एनपीसीसी, डब्ल्यूएपीसीओएस, ईपीआईएल और यूपीआरएनएलएल द्वारा प्रस्ताव दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इस पर सहमति जताते हुए प्रस्ताव शिक्षा मंत्री आशीष सूद के माध्यम से कैबिनेट में भिजवाया है। कैबिनेट से मुहर लगने पर इन एजेंसियों को यह कार्य सौंपा जा सकता है ताकि दिल्ली में जल्द नए एवं बेहतर स्कूल तैयार हों। दिल्ली सरकार को करने हैं यह कार्य 75 सीएम श्री स्कूल तैयार करने हैं जहां छात्रों के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद आदि के विशेष बंदोबस्त होंंगे 10 नए स्कूल प्रत्येक वर्ष सरकार द्वारा बनाए जाएंगे, इसके लिए अभी तक 70 जगह भूमि सरकार को मिल चुकी है 284 स्कूल दोनों शिफ्ट में चलते हैं जिन्हें एक पाली में करने का लक्ष्य रखा गया है 70 खाली जगहों पर स्कूल एवं स्पोर्ट्स से संबंधित निर्माण कार्य किए जाएंगे 129 ऐसे स्कूलों में निर्माण कार्य किया जाएगा जहां इमारत खराब हो चुकी है या अतिरिक्त इमारत बनाने की आवश्यकता है। खराब हालत में हैं 129 सरकारी स्कूल दिल्ली सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में 129 सरकारी स्कूल खराब हालत में हैं जिन्हें जल्द से जल्द ठीक किया जाना है। इनमें से 9 स्कूलों में अतिरिक्त कमरे बनाने की आवश्यकता है। 68 ऐसे स्कूल हैं जहां एक या ज्यादा इमारत खराब हालत में है। वहीं 16 स्कूल टीन शेड जैसे अस्थायी ढांचे में चल रहे हैं। बेहद जर्जर हो चुकी इमारतों को तोड़कर उन्हें दोबारा बनाने की आवश्यकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




