
कारोबार के साथ रोजगार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही सरकार-रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार ने रोजगार बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 24 घंटे दुकानों के खुलने और महिलाओं को रात में काम करने की अनुमति दी गई है। इन सुधारों से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी। श्रमिकों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली सरकार एक तरफ जहां राजधानी में कारोबार बढ़ा रही है तो वहीं दूसरी तरफ इससे रोजगार में भी वृद्धि हो रही है। दिल्ली सरकार द्वारा ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं जिससे रोजगार बढ़े। इसमें 24 घंटे दुकान खोलने एवं महिलाओं को रात के समय काम करने की अनुमति शामिल है। यह बात रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रम सुधारों की दिशा में कई महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में श्रमिकों को सम्मानजनक कार्य-परिस्थितियां, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए।

रोजगार क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें रात्रि पाली में काम करने की अनुमति दी गई है, साथ ही कार्यस्थल पर नियोक्ताओं द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इन सुधारों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा।मुख्यमंत्री रेख गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिकों के साथ है। श्रमिक हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। हम ऐसे निर्णय ले रहे हैं, जिससे श्रमिकों को राहत मिले, रोजगार बढ़े और छोटे व्यापारियों को भी सुगमता से काम करने का अवसर प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने राजधानी में दुकानों और प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खुला रखने की अनुमति दी है, जिसमें शराब की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी प्रतिष्ठान शामिल हैं। इस निर्णय से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है, जिससे उन्हें अनावश्यक कागजी जटिलताओं से मुक्ति मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




