
पर्यावरण मंत्री ने की शीतकालीन वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना की समीक्षा
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को शीतकालीन 2025 वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस उच्चस्तरीय बैठक में 30 से अधिक हितधारक एजेंसियों जैसे डीडीए, डीपीसीसी, पीडब्ल्यूडी, सीपीडब्ल्यूडी, दिल्ली पुलिस, डीएमआरसी, डीएसआईआईडीसी, एनएचएआई, डीसीबी, जल बोर्ड और अन्य निकायों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में अक्टूबर से फरवरी तक चलने वाले प्रदूषण के उच्च महीनों से पहले तैयारियों की समीक्षा की गई और समय पर कार्यों के निष्पादन पर बल दिया गया। बैठक में 17 प्रमुख कार्रवाई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सड़कों और खुले क्षेत्रों में धूल नियंत्रण, पानी छिड़काव यंत्र और मिस्ट स्प्रे प्रणाली की तैनाती, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण स्थलों पर सख्त निगरानी, पराली जलाने की रोकथाम, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण, ऊंची इमारतों पर एंटी-स्मॉग गन लगाना, बैकअप जनरेटर के उपयोग को कम करना, लैंडफिल साइटों पर बायो-माइनिंग और आगजनी की रोकथाम, तथा ग्रीन वॉर रूम और नागरिक शिकायत निस्तारण तंत्र को मजबूत करना शामिल रहा।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए सक्रिय और तकनीक-आधारित दृष्टिकोण पर काम कर रही है। हमारी प्राथमिकता साफ हवा सुनिश्चित करना है, जिसके लिए एंटी-स्मॉग गन, स्प्रिंकलर और वेब-आधारित निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत, निर्माण कचरे का वैज्ञानिक निपटान, हरियाली को बढ़ावा देने और लैंडफिल साइटों की बायो-माइनिंग तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आने वाले हफ्तों में तीनों लैंडफिल साइटों का दौरा करने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ यह जंग तभी सफल होगी जब नागरिक सक्रिय रूप से इसमें भाग लेंगे। दिल्ली सरकार का लक्ष्य तकनीक और जनभागीदारी के साथ स्थायी समाधानों के जरिए राजधानी को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना है। अब तक उठाए गए कदम - 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सड़क किनारों पर 219 मिस्ट स्प्रे प्रणाली लगाई गईं। - अगस्त 2025 तक 5.95 लाख चालान (बिना पीयूसीसी के) जारी किए गए – यह पांच सालों में सबसे अधिक है। - 10,86,487 गैर-गंतव्य माल वाहनों की जांच हुई, जिनमें से 64,214 वाहनों को वापस लौटाया गया। - अनधिकृत पार्किंग के लिए 4,71,400 नोटिस और 9,48,352 चालान जारी हुए, जिनमें 1,28,364 वाहन जब्त किए गए और 1,98,157 चालान प्रतिबंध समय उल्लंघन पर हुए। - 2025 में किसी भी लैंडफिल साइट पर आगजनी की घटना नहीं हुई। - 576 हीटर आवासीय कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए) में वितरित किए गए। - 1,925 उद्योगों को स्वच्छ ईंधन पर बदला गया, जबकि 50 और जल्द जुड़ेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


